टिप्पर ने कुचली महिला, मौत

Saturday, Jan 31, 2015 - 11:04 PM (IST)

सुंदरनगर: जांबला क्षेत्र के चमराड़ा गांव में शनिवार को टिप्पर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक महिला की मौत हो गई जबकि हादसे में 5 वर्ष की लड़की समेत चालक और उसका रिश्तेदार घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार चमराड़ा गांव की रहने वाली विमला देवी पत्नी प्रभू अपनी 5 साल की पोती अक्षरा के साथ सड़क किनारे फुटपाथ पर बैठी थी। इसी बीच चढ़ाई चढ़ रहे टिप्पर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। टिप्पर आगे जाने के बजाय वापस पीछे की ओर हट गया और फुटपाथ पर बैठी विमला देवी टिप्पर की चपेट में आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

टिप्पर इसके बाद अनियंत्रित होकर नीचे खाई में लुढ़क गया जिससे चालक हेमराज निवासी सलनू और उसके साथ टिप्पर में बैठा उसका भांजा विप्लव भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक मंडी मोहित चावला ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Advertising