भाजपा ने किया था पथराव : वीरभद्र

punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2015 - 09:58 PM (IST)

सोलन: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि युकां कार्यकर्ताओं पर भाजपा ने पहले पथराव शुरू किया था। उन्होंने कहा कि इसके लिए भाजपा ने पहले ही तैयारियां कर रखी थी। भाजपा के लोगों ने अपने कार्यालय में पहले से ही पत्थर व डंडे जमा कर लिए थे। कांग्रेस प्रदेश महासचिव विनोद सुल्तानपुरी के विवाह में नवविवाहित दंपति को आशीर्वाद देने आए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में बताया कि युवा कांग्रेस का भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर भाजपा कार्यालयों के बाहर देश व्यापी प्रदर्शन था।

 

इसी कड़ी में युकां द्वारा भाजपा के शिमला स्थित कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जो शांतिपूर्ण था। इसकी बाकायदा सूचना दी गई थी। इसी सूचना के आधार पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यालय में पहले से ही पत्थर व डंडे जमा कर लिए थे। जैसे ही युकां कार्याकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचे तो अंदर से पथराव शुरू हो गया। यह सब दुर्भाग्यपूर्ण था, इसमें कई लोगों को चोटें भी आईं और पुलिस ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

 

वीरभद्र सिंह ने इस संदर्भ में भाजपा द्वारा राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने व सरकार को बर्खास्त करने पर कहा कि राज्यपाल के पद की एक गरिमा होती है। भाजपा ने अपना पक्ष रखा, जो उनका अधिकार है लेकिन किसी के छींकने से सरकार नहीं गिरा करती। इस मामले में जांच हो रही है और जांच में जो सामने आएगा, उसके आधार पर कानून अपनी कार्रवाई करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News