''वीरभद्र सरकार को सत्ता से बर्खास्त करें राज्यपाल''

Saturday, Jan 31, 2015 - 05:36 PM (IST)

 चंबा(विनोद): सदर विधायक बी.के.चौहान की अगुवाई में शनिवार को भाजपा ने सड़क पर उतर कर वीरभद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। सूत्रों के अनुसार विश्राम गृह परिसर से वीरभद्र सरकार के खिलाफ रैली निकली जिसकी अगुवाई सदर विधायक बी.के.चौहान ने की। उन्होंने अपने संबोधन में वीरभद्र सिंह सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शिमला में भाजपा कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकत्र्ताओं व पदाधिकारियों पर जो हमला हुआ उसमें कहीं न कहीं सरकार के समर्थन रहा है। 

उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं होता तो अब तक इस हमले में शामिल कांग्रेसी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में क्यों नहीं लिया है? बी.के.चौहान ने कहा कि यह अपने आप में पहला मामला है कि किसी सत्ताधारी दल के संगठन ने विपक्षी दल के संगठन पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि शिमला जिला के भाजपा अध्यक्ष की इतनी बेरहमी के साथ पिटाई की गई कि उन्हें उपचार के लिए चंड़ीगढ़ ले जाना पड़ा।
 
 उन्होंने कहा कि इस घटना से यह आभास होता है कि अब हिमाचल जैसे शांत प्रदेश में भी बिहार व यू.पी.की राजनीति का अनुसरण किया जाने लगा है। उन्होंने कहा कि इस घटना से जहां प्रत्येक प्रदेशवासी का इस सरकार से विश्वास उठ गया है तो वहीं अब राज्यपाल का इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस सरकार का बर्खास्त कर देना चाहिए।
Advertising