शादी का झांसा देकर 3 साल तक करता रहा युवती से दुराचार

Friday, Jan 30, 2015 - 11:36 PM (IST)

चम्बा: अदालत के माध्यम से एक युवती ने पुलिस थाना चम्बा में एक युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर उसका 3 वर्षों तक  शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को दर्ज करते हुए शुक्रवार को उक्त युवती का मैडीकल करवाया।

 

जानकारी के अनुसार युवती ने अदालत में सीआरपीसी की धारा 156 (3) के तहत पुलिस को मामला दर्ज करवाने के निर्देश जारी करने की गुहार लगाई थी जिस पर अदालत ने पुलिस को युवती की शिकायत दर्ज करने के आदेश जारी किए। इन्हीं आदेशों के चलते वीरवार को पुलिस थाना चम्बा में पहुंच कर शिकायतकर्ता 24 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि एक युवक जगीर सिंह पुत्र हरनाम सिंह निवासी गांव बरलार जिला कांगड़ा 2011 से उसके घर में आना शुरू हुआ था।

 

युवती ने बताया कि उसके भाई का वह दोस्त था जिसके चलते उसका अक्सर घर में आना-जाना लगा रहता था। इसी बीच दोनों में प्यार हो गया और जगीर सिंह ने उसके साथ शादी करने का वायदा करते हुए उसका शारीरिक शोषण किया लेकिन अब वह शादी से मुकर रहा है। जिला पुलिस प्रवक्ता वीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि माननीय अदालत के आदेशों के चलते उक्त युवती की शिकायत को दर्ज करते हुए पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 व 376 के तहत मामला दर्ज करके उसका शुक्रवार को क्षेत्रीय चिकित्सालय में मैडीकल करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Advertising