डबल ब्लाइंड मर्डर में 4 नेपाली गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jan 30, 2015 - 09:39 PM (IST)

शिमला: राजधानी के अंतर्राज्यीय बस अड्डे के समीप सामने आए डबल ब्लाइंड मर्डर मामले में पुलिस ने नेपाली मूल के 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को जिला कुल्लू से गिरफ्तार किया है। हालांकि अभी पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया है लेकिन दावा किया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति ही हत्याकांड में संलिप्त हैं।

 

पुलिस का कहना है कि कत्ल के आरोपियों को शिमला पहुंचाने के बाद ही उनके नाम का खुलासा किया जाएगा। अभी पुलिस को इसी मामले में कुछ आरोपियों की और तलाश है। सूत्रों के अनुसार पुलिस के हाथ कत्ल में संलिप्त कुछ आरोपियों का सुराग लगा था। इसके आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भजन देव नेगी की अगुवाई में एक टीम ने शुक्रवार को कुल्लू जिला में दबिश देकर आरोपियों को पकडऩे में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों ने क्यों कत्ल किया इसका खुलासा शनिवार को किया जाएगा।

 

20 जनवरी को मिला पहला शव
आईएसबीटी के समीप पुलिस को पहला शव 20 जनवरी को मिला था। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। कातिलों ने युवक का सिर धड़ से काटकर अलग फैंका हुआ था। युवक का सिर धड़ से करीब 100 फुट दूर एक नाले में पड़ा हुआ था। युवक की आयु 28 से 30 साल के बीच बताई जा रही है।

 

22 जनवरी को मिला था दूसरा शव
पुलिस को आईएसबीटी के समीप दूसरा शव 22 जनवरी को मिला था। मृतक की पहचान दिल बहादुर चौधरी के रूप में की गई थी। नेपाली मूल के 42 वर्षीय दिल बहादुर का शव झाडि़य़ों में पड़ा हुआ मिला। मृतक के मुंह और सिर में हल्की चोटें थीं। इसके बाद पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ था कि उक्त व्यक्ति को मौत के घाट उतारा गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News