हैरोइन व चरस सहित 2 गिरफ्तार

Friday, Jan 30, 2015 - 08:39 PM (IST)

हमीरपुर: हमीरपुर पुलिस ने हैरोइन और चरस के तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके चलते हमीरपुर पुलिस थाना की एक विशेष पुलिस टीम ने शुक्रवार को हैरोइन व चरस रखने के आरोप में 2 युवकों को गिरफ्तार किया है।

 

सदर पुलिस थाना से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अमित कुमार पुत्र किशोरी लाल निवासी भाटी (मौंही) से 1.80 किलोग्राम हैरोइन तथा 4.600 ग्राम चरस बरामद की है जबकि मनोज कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी अणु कलां से 10.730 किलोग्राम हैरोइन बरामद की है। उपरोक्त दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तथा उक्त दोनों को 31 जनवरी को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।

 

पुलिस अधीक्षक अजय सिंह बौद्ध ने बताया कि पुलिस ने नशे का कारोबार करने वाले लोगों की धर पकड़ के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि जिला के किसी भी कोने में कोई भी व्यक्ति नशे का कारोबार करने वालों की शिकायत उनसे या स्थानीय पुलिस थाना में कर सकता है तथा उसका नाम भी गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि नशे का कारोबार करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा तथा पुलिस विशेष अभियान के तहत ऐसे लोगों की धर पकड़ कर रही है।

Advertising