सरकार की बर्खास्तगी को राजभवन पहुंचा विपक्ष

Friday, Jan 30, 2015 - 06:55 PM (IST)

शिमला: प्रदेश भाजपा कार्यालय पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हमले के विरोध में सरकार की बर्खास्तगी को लेकर विपक्ष शुक्रवार को राजभवन पहुंचा। यहां पहुंने पर नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में पार्टी ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से भाजपा ने राज्यपाल से मांग की है कि बीते वीरवार को पेश आई उक्त घटना की न्यायिक जांच करवाई जाए और अपने कर्तव्य में विफल रहने के लिए प्रदेश की जनविरोधी व अलोकतांत्रिक सरकार को तुरंत बर्खास्त किया जाए।

 

भाजपा ने ज्ञापन में कहा है कि लोकतंत्र में विरोध करना सबका अधिकार है लेकिन केंद्र सरकार के किसी निर्णय के खिलाफ भाजपा के हिमाचल कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन करने का क्या औचित्य? यह एक सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है क्योंकि प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कोई और नहीं बल्कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का बेटा कर रहा था। इसलिए पार्टी का आरोप है कि यह घटना मुख्यमंत्री के इशारे पर और सरकार के संरक्षण में घटी है क्योंकि प्रदर्शनकारी पहले ही अपने साथ डंडे, पत्थर व खाली बोतलें लेकर आए थे और पुलिस अधीक्षक को पूर्व जानकारी देने के बावजूद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, उल्टा बाद में भाजपा कार्यकर्ताआें पर ही लाठीचार्ज किया।

 

इस हिंसक वारदात में भाजपा के लगभग 2 दर्जन कार्यकर्ता घायल हुए और 3 कार्यकर्ता तो गंभीर रूप से घायल हुए जिनमें से जिला शिमला भाजपा के उपाध्यक्ष राजेश शारदा को पीजीआई रैफर कर दिया गया। राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश पुलिस प्रशासन को युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करने और इस घटना की न्यायिक जांच करवाने के आदेश देने की मांग की गई है। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री और अन्य भाजपा नेताओं ने राजभवन के बाहर कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया।

 

हमले में घायल हुए भाजपा कार्यकर्ता ने भी राज्यपाल को पूरी स्थिति से अवगत करवाया। इसके तहत बताया गया कि किस तरह से सोची-समझी रणनीति के तहत उन पर हमला हुआ और पार्टी कार्यालय को निशाना बनाया गया। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष सुनील ठाकुर, प्रदेश सचिव त्रिलोक जम्वाल, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कर्ण नंदा से अन्यों ने विस्तृत जानकारी दी।

 

राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते समय प्रदेश महामंत्री रणधीर शर्मा, विपिन सिंह परमार, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर महेन्द्र सिंह, राजीव भारद्वाज, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंदेल, विधायक ईश्वर दास धीमान, रिखीराम कौंडल, विजय अग्रिहोत्री, नरेन्द्र ठाकुर, सुरेश कश्यप, विनोद कुमार, राष्ट्रीय सोशल मीडिया के प्रभार चेतन बरागटा, प्रदेश सचिव नीना शर्मा, डेजी ठाकुर, त्रिलोक जम्वाल, प्रदेश प्रवक्ता गणेश दत्त, प्रवीण शर्मा, चंद्रमोहन ठाकुर, प्रदेश कोषाध्यक्ष कपिल सूद, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रितु सेठी, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर, भाजयुमो जिला महासू प्रवक्ता संदीप गांगटा, राकेश वर्मा, प्रवीण शर्मा, जवाहर ठाकुर, संजय कुमार, किशोरी लाल व हुक्कम चंद बैंस सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।

Advertising