भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया पहले पथराव : विक्रमादित्य

Thursday, Jan 29, 2015 - 11:52 PM (IST)

शिमला: युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने युकां कार्यकर्ताओं पर सोची-समझी रणनीति के तहत हमला किया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को प्रभावित करने के लिए भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने यह हथकंडा अपनाया जो निंदनीय है।

 

विक्रमादित्य सिंह वीरवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जो नया भूमि अर्जन अध्यादेश लाया गया है, उसके विरोध में युवा कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए थे लेकिन इसी बीच वहां मौजूद भाजपा और भाजयुमो के लोगों ने युकां कार्यकर्ताओं पर पथराव शुरू कर दिया। इसके चलते कई युवाओं को गंभीर चोटें आई हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उक्त मामले को लेकर 11 भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाना बालूगंज में मामला दर्ज करवाया गया है।

 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरवार को भाजपा कार्यालय के बाहर किए जाने वाले प्रदर्शन बारे उन्होंने विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल को फोन के माध्यम से सूचित किया था। युकां अध्यक्ष ने बताया कि इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया था कि युवा कांग्रेस शांतिपूर्ण तरीके से अपना प्रदर्शन करेगी लेकिन बावजूद इसके भाजपा और भाजयुमो के लोगों ने युकां कार्यकर्ताओं पर पथराव कर दिया।

Advertising