भाजपा कार्यालय पर हमला लोकतंत्र की हत्या : धूमल

Thursday, Jan 29, 2015 - 11:49 PM (IST)

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हुए जानलेवा हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए इस हमले से साबित होता है कि कांग्रेस हताशा व निराशा में लोकतंत्र के मायने भी भूल गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा कार्यालय पर हमला करके सीधे-सीधे लोकतंत्र की हत्या की है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश कांग्रेस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा 30 जनवरी को राज्यपाल से मिलकर कांग्रेस सरकार को बर्खास्त करने का ज्ञापन सौंपेगी।

 

भाजापा प्रवक्ता गणेश दत्त ने भाजपा मुख्यालय दीपकमल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हमले को पूरी तरह सुनियोजित कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में यह घटना एक काला अध्याय है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए राज्य सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर प्रदेश भाजपा शुक्रवार को राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगी। इसके बाद शनिवार को प्रदेश के हर जिला मुख्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन होगा। भाजपा प्रवक्ता गणेश दत्त ने प्रैसवार्ता में आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता और शहर के नामी गुंडे राज्य अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह की अगुवाई में दीपकमल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यालय पर जोरदार हमला किया।

 

सांसद शांता कुमार ने भाजपा कार्यालय दीपकमल पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए हमले को निंदनीय करार दिया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों में वैचारिक भिन्नता लोकतांत्रिक प्रक्रिया का भाग है परंतु वैचाारिक भिन्नता में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। इस तरह की घटनाओं पर अकुंश लगना चाहिए। लोकतांत्रिक मर्यादा का पालन प्रत्येक राजनीतिक दल को करना चाहिए।

Advertising