गोल्ड मैडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को 20-20 लाख

Monday, Jan 26, 2015 - 12:29 AM (IST)

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश का 45वां पूर्ण राज्यत्व दिवस बिलासपुर के रौड़ा सैक्टर मैदान में धूमधाम से मनाया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि हिमाचल को 25 जनवरी, 1971 को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा मिला व इसे प्रदान करने में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के हिमाचलवासी सदा ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि गत 2 वर्षों के दौरान विद्यालयों और महाविद्यालयों में 2352 पद सृजित किए गए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा 7457 पद भरे जा रहे हैं और 1755 पदों को भरने की प्रक्रिया प्रगति पर है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्टï प्रदर्शन करने वाले हिमाचल के मेधावी खिलाडिय़ों को नकद धनराशि देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 में दक्षिण कोरिया के इंचियोन में हुई राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता महिला व पुरुष कबड्डी टीमों के सदस्यों में शामिल सोलन के अजय ठाकुर, बिलासपुर जिला की पूजा ठाकुर और कुल्लू जिला की कविता ठाकुर को 20-20 लाख रुपए का चैक भेंट किया। उन्होंने राष्ट्र मंडल खेलों में शूटिंग प्रतियोगिता में रजत पदक विजेता हमीरपुर जिला के विजय कुमार को 10 लाख रुपए का चैक भेंट किया।

 

राष्ट्रीय स्तर पर कॉॅर्फ बॉल में रजत पदक विजेता रवि ठाकुर को 8 हजार रुपए का नकद पुरस्कार, स्वर्ण पदक विजेता कुमार किरण एवं कुमारी पलक को 4800-4800 रुपए का नकद पुरस्कार, हैंडबाल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाली शैलजा, दीक्षा कुमारी, संगीता शर्मा व प्रियंका कुमारी को 4-4 हजार रुपए, हैंडबाल खेल में ही राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल करने वाली अर्चना देवी को 4 हजार रुपए नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया। ये सभी खिलाड़ी बिलासपुर जिला से संबंधित हैं।

 

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने पुलिस, गृहरक्षक, एनसीसी कैडेट्स, स्काऊट एंड गाइड और स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। इस परेड की अगुवाई परेड कमांडर डीएसपी राजेश कुमार ने की। इस अवसर पर हिमाचल पुलिस के डॉग स्क्वायड ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस दौरान बिलासपुर जिला प्रशासन द्वारा कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के चलाए जा रहे नए अभियान ‘मुस्कान’ के लीफ-लैट का विमोचन भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा किया गया। इस अभियान का नारा है ‘आओ मिलकर बचाएं मुस्कान बेटियों की’। इस अवसर पर विधायक रिखी राम कौंडल व विधायक रणधीर शर्मा सहित गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Advertising