भूमिहीन को मकान बनाने के लिए जमीन देगी प्रदेश सरकार : वीरभद्र सिंह

punjabkesari.in Sunday, Jan 25, 2015 - 06:58 PM (IST)

बिलासपुर: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में 6 महीनों के बाद कोई भी व्यक्ति बिना जमीन के नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार भूमिहीन लोगों को मकान बनाने के लिए जमीन देगी। इसमें शहरी क्षेत्र में 2 बिस्वा व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को 3 बिस्वा जमीन दी जाएगी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बिलासपुर के सीनियर सैकेंडरी स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए भाखड़ा विस्थापितों को भी बड़ी राहत प्रदान करने की घोषणा की।

 

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि ऊना में रह रहे भाखड़ा विस्थापितों के लिए मिनी सैटलमैंट करवाया जाएगा। ऊना में कई भाखड़ा विस्थापितों ने अपने मकान दूसरी जगह बना लिए हैं जबकि उन्हें सरकार ने जगह कहीं और दी है। उन्होंने बताया कि मिनी सैटलमैंट के बाद इन लोगों के कब्जों को नियमित कर दिया जाएगा। वीरभद्र सिंह ने बिलासपुर में बचे 245 भाखड़ा विस्थापितों को 4 महीने में प्लाट देने की घोषणा भी की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री ने बागछाल में निर्माणाधीन पुल की जगह नया पुल बनाने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि बागछाल पुल का निर्माण कार्य कुछ तकनीकी कारणों से रुक गया है जिस कारण वहां पर नया पुल बनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार पूरे बजट का प्रावधान करेगी। वीरभद्र सिंह ने गोबिंद सागर झील पर बहुचर्चित बैरी-दड़ोलां पुल को बनाने की बात भी कही लेकिन यह पुल कहां बनेगा, इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं किया। बैरी-दड़ोलां पुल का शिलान्यास मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ही 23 मार्च, 2007 को तलवाड़ में किया था तब से लेकर इस पुल पर एक भी ईंट नहीं लगी है।

 

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश में नई खनन नीति बनाने की बात भी की। उन्होंने बताया कि नई खनन नीति में लोगों को घर बनाने व अन्य विकास कार्यों के लिए छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन से सख्ती से निपटने के आदेश प्रशासनिक अधिकारियों को दे दिए गए हैं। इस अवसर पर अध्यक्ष राज्य योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति रामलाल ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी, ज्वालाजी के विधायक संजय रतन, विधायक सदर बंबर ठाकुर, मुख्य सचिव पी. मित्रा, डीजीपी संजय कुमार, पूर्व विधायक डा. बाबूराम गौतम व पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, जिलाधीश बिलासपुर मानसी सहाय ठाकुर व एसपी बिलासपुर अशोक कुमार सहित कई गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News