बैक डेट में इश्यू करवाए गए नोटिस : सत्ती

Thursday, Jan 22, 2015 - 11:58 PM (IST)

ऊना: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपनी बात को सच साबित करने के लिए बैक डेट में खनन विभाग से नोटिस भिजवाया है। मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले की पूरी जांच होगी कि किस डेट में और किस जरिए से किन-किन लोगों को नोटिस सर्व हुआ है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले आरोप लगाते हैं और बाद में उससे मुकर जाते हैं।

 

सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोप लगाकर महज सनसनी फैलाने के लिए इस प्रकार की राजनीति करते हैं। वास्तव में वह अपने 2 वर्ष के असफल कार्यकाल का रिकार्ड छिपाने के लिए इस प्रकार के आरोप लगा रहे हैं। भाजपा कांग्रेस सरकार की नाकामियों का भंडाफोड़ करेगी और किसी भी प्रकार की चरित्र हनन की राजनीति को सहन नहीं किया जाएगा।

 

सत्ती ने आरोप लगाया कि जो लोग मुख्यमंत्री को गुमराह कर रहे हैं उनके कच्चे चिट्ठे भी उनके पास मौजूद हैं। पुख्ता जानकारियों के आधार पर वह खुलासे करेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि स्कूटरों और टैंकरों में सेब ढोने वाले स्वयं को पाक साफ दिखाने का ढोंग न करें। उधर, भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती व वीरेन्द्र कंवर पर व्यक्तिगत आरोप लगाने पर जिला भाजपा भड़क उठी है।

 

पार्टी नेताओं प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी हरिओम भनोट, जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा, मंडलाध्यक्ष रमेश भडौलिया, यशपाल राणा, सागर दत्त भारद्वाज, सुमित शर्मा, बलविंद्र गोल्डी, राजकुमार पठानिया, अवतार घुग्गी, सुरेंद्र मोहन भारद्वाज, जगदेव जग्गा, ममता कश्यप व तिलक राज सैणी सहित अन्य नेताओं ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने नैतिकता छोड़कर षड्यंत्र की राजनीति करने को अहमियत दी है।

Advertising