सत्ती चाहें तो सुप्रीम कोर्ट जाएं : वीरभद्र

punjabkesari.in Wednesday, Jan 21, 2015 - 06:33 PM (IST)

ऊना: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती चाहें तो सुप्रीम कोर्ट में उनके खिलाफ केस दायर करें। सत्ती के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती का भतीजा ठेकेदार है। उन्होंने तो केवल इतना कहा था कि खनन विभाग ने भाजपा अध्यक्ष के भतीजे को भी नोटिस भेजा था। नोटिस भेजने का अर्थ मुकद्दमा नहीं होता। इस मामले पर केवल वही बात कही जो विभागों ने कार्रवाई अमल में लाई है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती व्यक्तिगत राजनीति न करने की सलाह उन्हें देने की बजाय अपने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को दें। धूमल ने अपने पहले कार्यकाल में उन पर क्रिमिनल केस बनाया और सीबीआई को मामला भेजा जिस पर उन्हें सीबीआई की क्लीन चिट मिली। दूसरी बार भाजपा सरकार आई तो सीडी का मामला बनाया। दोनों बार सैशन ट्रायल भुगता और पाक-साफ होकर निकला।

 

हिमाचल की राज्यपाल उर्मिला सिंह के इस बयान पर कि नेताओं के आपसी झगड़े से वह खिन्न हैं, पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। यदि राज्यपाल ने ऐसा कुछ कहा है तो यह उनकी व्यक्तिगत राय है और तथ्यों से विपरीत है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News