जबरन धर्मांतरण का मामला है तो सरकार को बताएं : वीरभद्र

punjabkesari.in Thursday, Jan 15, 2015 - 07:48 PM (IST)

चम्बा: चम्बा के नए बस अड्डे का निर्माण हिमाचल सरकार स्वयं करेगी और इस निर्माण कार्य पर आने वाला पूरा खर्च सरकार अपने खजाने से वहन करेगी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चम्बा में आयोजित जनसभा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अगले 2 दिनों में चयनित स्थल पर मौजूद पुरानी जेल को तोडऩे का कार्य शुरू हो जाएगा और सरकार चम्बा जिला की जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए इसे युद्धस्तर पर पूरा करवाएगी।

 

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व उनके सांसद बेटे अनुराग ठाकुर का नाम लिए बगैर उन पर चुटकी लेते कहा कि पूर्व सरकार में सरकारी भूमि को देने वाला बाप था तो लेने वाला बेटा था। वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रेम कुमार को अपने नाम की तो कम से कम लाज रख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री बनते हैं तो हिमाचल में रहते हंै और जब सत्ता से बाहर होते हैं तो जालंधर की तरफ रुख कर लेते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री को अपने नाम का मान रखते हुए प्रदेश से भी प्यार कर लेना चाहिए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा से जुड़ा एक संगठन इन दिनों प्रदेश में लव जेहाद का मामला छेड़े हुए है। उन्होंने कहा कि प्यार किसी भी धर्म, जाति व समुदाय की सीमाओं में नहीं बंधता है, बावजूद इसके अगर इस संगठन के पास कोई लव जेहाद जिसमें कि किसी को जबरन धर्म परिवर्तन करवाया गया हो, का मामला है तो वे प्रदेश सरकार को इसके बारे में जानकारी दें ताकि उनकी जांच हो सके।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा और उसके संगठन देश व प्रदेश के लोगों को धर्म के नाम पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। यह पूरा खेल महज राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए खेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी बेहद समझदार है और वह किसी भी प्रकार के लव जेहाद को नहीं मानती है लेकिन भाजपा व उसके संगठनों की स्थिति जब मियां-बीवी राजी तो क्या करेगा काजी जैसी बनी हुई है।

 

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कुछ पंचायतों में नए प्राथमिक स्कूल खोलने की घोषणा की तो वहीं कुछ प्राथमिक स्कूलों को माध्यमिक, माध्यमिकों को उच्च व उच्च स्कूलों को वरिष्ठ माध्यमिक करने की भी घोषणा की। इस मौके पर वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, डल्हौजी विधायक आशा कुमारी व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज ने भी जनसभा को संबोधित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News