शीतकालीन प्रवास से पहले मुख्यमंत्री दिल्ली रवाना

punjabkesari.in Sunday, Jan 04, 2015 - 08:03 PM (IST)

शिमला: शीतकालीन प्रवास से पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह रविवार को दिल्ली रवाना हो गए। इस दौरान उनकी केंद्र सरकार में शामिल नेताओं से नीति आयोग सहित प्रदेश हित से जुड़े अन्य मामलों को लेकर चर्चा किए जाने की संभावना है, साथ ही मुख्यमंत्री का कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं से भी मिलने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री 6 जनवरी को दिल्ली से शीतकालीन प्रवास के तहत कांगड़ा पहुंचेंगे।

 

दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि वह दिल्ली जाकर विभिन्न मंत्रालयों के मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। उनका पार्टी हाईकमान से मिलने का भी कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दिल्ली में जाकर जानेंगे कि आखिर नीति आयोग क्या है। केन्द्र सरकार ने योजना आयोग की जगह पर नीति आयोग बनाने को कहा है और इसमें राज्यों को उनके जायज हक देने की बात कही है। फिलहाल यह तय नहीं है कि आखिर किस तरह से राज्यों को उनका जायज हक दिया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों को विशेष राज्य का दर्जा देते हुए विशेष सहायता प्रदान करने की बात नीति आयोग करता है तो यह बेहतर है। पार्टी द्वारा शुरू किए गए कार्यकर्ता मिलन कार्यक्रम को वीरभद्र सिंह ने बेहतर बताया और कहा कि वैसे सरकार जनता की समस्याओं को सुनने के लिए हर समय हाजिर रही है लेकिन यहां संगठन ने अलग से व्यवस्था की है जिसमें पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली से सीधे कांगड़ा जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News