खालीस्तानी झंडों और पेपर लीक मामले में आम आदमी पार्टी ने ऊना में निकाली रोष रैली

Tuesday, May 10, 2022 - 04:43 PM (IST)

ऊना(विशाल स्याल): तपोवन विधानसभा में खालीस्तानी झंडे लगाने, स्लोगन लिखने और प्रदेश पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में अब आम आदमी पार्टी ने भी विरोध जताना शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने आज जिला मुख्यालय पर रोष रैली निकालते हुए रोष प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। पार्टी के नेता व कार्यकत्र्ता एम.सी. पार्क के समक्ष इकट्टे हुए जहां से रोष रैली शुरू की गई और मिनी सचिवालय पहुंचकर डी.सी. ऊना को ज्ञापन सौंपा। इस मौका पर कुटलैहड़ से राजन शर्मा, रूचि सैणी, ऊना से ईशान ओहरी, राजीव गौतम, यशपाल सिंह, गगरेट से मनोहर लाल, चिंतपूर्णी से सुषमा देवी व पूर्ण चंद सहित के.जी. पराशर, अमन भोगल, राहुल चौधरी आदि मौजूद रहे।

इस मौका पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ईशान ओहरी, राजीव गौतम, राजन शर्मा सहित अन्यों ने अपने संबोधन मे कहा कि प्रदेश में पुलिस की निगरानी में हो रही पुलिस की ही भर्ती के पेपर लीक हो जाना यह साबित करता है कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था के क्या हालात हैं। प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों के साथ प्रदेश की भाजपा सरकार ने धोखा किया है। कार्रवाई के नाम पर एस.आई.टी. गठित की गई है लेकिन अभी तक जांच केवल उत्तीण हुए अभ्यर्थियों तक ही टिकी हुई है। आम आदमी पार्टी के वक्ताओं ने मांग रखी कि जांच के दायरे में पुलिस भर्ती प्रक्रिया करवाने वाले पुलिस अधिकारियों और प्रदेश सरकार को भी लाना चाहिए। आप नेताओं ने कहा कि विधानसभा की दीवारों पर खालीस्तानी झंडे लगाना और स्लोगन लिखना पूरी तरह से प्रदेश सरकार की नाकामी को दर्शाता है। इस घटना के बाद अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी न होना भी चिंतनीय विषय है।

Surinder Kumar

Advertising