हिमाचल में बर्फबारी, हिमखंड गिरने से रोहतांग में फंसे 200 लोग
punjabkesari.in Tuesday, Apr 19, 2016 - 01:26 PM (IST)

मनाली: हिमाचल में मौसम फिर लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। दरअसल हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार को हिमपात हुआ, जबकि मैदानी इलाकों में अंधड़ के साथ बारिश हुई।
सोमवार को रोहतांग दर्रे के राहनीनाला में हिमस्खलन से 40 से अधिक वाहन फंस गए। ये वाहन लाहुल से मनाली आ रहे थे और करीब 250 लोग इनमें सवार थे। आपको बता दें कि रोहतांग समेत लाहौल स्पीति और किन्नौर जिले में 15 सेंटीमीटर से लेकर 56 सेंटीमीटर तक बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात हुई बर्फबारी के बाद कोकसर से रोहतांग की ओर 55 वाहनों को छोड़ा गया था।
मगर राहनीनाला के पास हिमखंड गिरने से ये रास्ता बंद हो गया है। वहीं, बी.आर.ओ. ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सभी 55 वाहनों को बाहर निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, ताजा हिमपात से रोहतांग मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है। रोहतांग में रविवार रात को करीब 2 फीट बर्फबारी हुई है। वहीं लाहौल स्पीति के रिहायशी इलाकों में 15 से 30 सेंटीमीटर तक बर्फ गिरी।