2 मंत्रियों ने कांग्रेस की कथनी और करनी पर उठाए सवाल

Friday, Feb 02, 2018 - 09:42 AM (IST)

शिमला: वन मंत्री गोविंद ठाकुर तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सहजल ने आरोप लगाया है कि पूर्व कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार व माफिया राज का बोलबाला रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की कथनी और करनी में अंतर है। दोनों मंत्रियों ने यहां जारी संयुक्त वक्तव्य में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के उस बयान को हास्यास्पद बताया है जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री की कथनी और करनी में अंतर का दावा किया है। मंत्रियों ने कहा कि अनावश्यक दोषारोपण करना कांग्रेस की पुरानी आदत है। 


उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में स्वयं सरकार के मुखिया ही भ्रष्टाचार से घिरे रहे और पिछले 5 वर्षों के दौरान अदालतों के चक्कर काट रहे हैं। इससे विकास कार्य पर विराम लगा है जिसका खमियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की राज्य विकास को लेकर युवा सोच व विजन को मूर्त रूप देने में जुट गई है और आरंभ में ही अनेक लोक कल्याणकारी निर्णय लिए हैं। इनमें महिलाओं, वृद्धजनों, सैनिकों, कर्मचारियों व आम आदमी के हितों का ध्यान रखा गया है। दोनों मंत्रियों ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के शासनकाल में राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई थी और हर तरह के माफि या का बोलबाला रहा। गुडिया प्रकरण और होशियार सिंह जैसी घटनाओं ने देवभूमि कहे जाने वाले इस शांतप्रिय राज्य को झकझोर कर रख दिया।  


उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता में आते ही महिला सुरक्षा और आम नागरिकों की सुरक्षा पर चिंतन करके महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। महिलाओं की सुरक्षा को सरकार ने सर्वोपरी माना और उनके विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराधों पर अंकुश लगाने के गुड़िया हैल्पलाइन 1515 तथा शक्ति बटन एप की राज्य में शुरूआत करके महिलाओं में सुरक्षा की भावना को पुन: जीवित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में वन, खनन व नशा माफि या का कहर इस कदर फैल गया था कि सार्वजनिक संसाधनों को नुक्सान पहुंचाने के साथ-साथ आम जनमानस भी बुरी तरह इससे परेशान व खौफजदा था। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी प्रकार के माफियाओं पर नकेल कसना शुरू कर दी है और इससे जुड़े लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।


सरकार ने 30 दिन में ही कई अच्छे कार्य कर दिखाए हैं
मंत्रियों ने कहा कि सुक्खू ने वर्तमान राज्य सरकार को 100 दिन का समय देकर उनके अच्छे कार्यों की सराहना करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 30 दिन में ही अनेक अच्छे कार्य कर दिखाए हैं। मंत्रियों ने कहा कि केंद्र सरकार ने अरबों की परियोजनाएं पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य को दीं लेकिन कांग्रेस सरकार ने धनराशि प्राप्त होने के बाद भी 69 राष्ट्रीय राज मार्गों की डी.पी.आर. तैयार नहीं की और एम्स जैसी कई बड़ी परियोजनाओं के लिए भूमि तक प्रदान न करवा पाना प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं से खिलवाड़ करना था।

Advertising