महिला थाने का चालक 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार(video)

Sunday, Apr 29, 2018 - 09:29 AM (IST)

हिसार(विनोद सैनी): विजिलेंस ने महिला थाना पुलिस के चालक ई.एच.सी. सुरेंद्र सिंह को 70,000 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा। आरोप है कि चालक सुरेंद्र सिंह एक होटल मैनेजर के खिलाफ महिला थाना में दी गई शिकायत को रफा-दफा करने के लिए महिला थाना प्रभारी सरोज के लिए 70,000 रुपए की रिश्वत ले रहा था। विजिलेंस टीम ने होटल मालिक योगेश को भी गिरफ्तार किया है। होटल मालिक पर मध्यस्थता करने का आरोप है। पुलिस ने शिकायतकर्त्ता के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। 

विजिलेंस के अनुसार डाबड़ा चौक के पास स्थित एक होटल मैनेजर पर कार्य करने वाले गांव धारवाण बास निवासी राजेश कुमार ने शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि गत दिनों एक युवती ने महिला थाने में दुष्कर्म की शिकायत दी। आरोप था कि महिला थाना प्रभारी ने शिकायत के बाद थाने में बुलाया और 3 लाख रुपए में मामला रफा-दफा करने की बात कही। शिकायतकर्त्ता ने यह बात होटल मालिक को बताई। होटल मालिक ने मध्यस्थता करते हुए थाना प्रभारी की गाड़ी के चालक ई.एच.सी. सुरेंद्र सिंह से बात की और 70,000 रुपए में डील हो गई। 

विजिलेंस एस.पी. ने डी.एस.पी. शरीफ सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह, ए.एस.आई. रमेश कुमार, मनमोहन सिंह, एच.सी. विजय सिंह को शामिल किया। तहसीलदार विनय सिंह को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किया। शिकायतकर्त्ता राजेश को 2000-2000 रुपए के 35 नोट पाऊडर लगे हुए दिए गए। योजना के मुताबिक राजेश महिला थाने के बाहर पहुंचा। ई.एच.सी. सुरेंद्र उसे देखकर आ गया और रिश्वत के तौर पर 70,000 रुपए ले लिए। विजीलेंस टीम ने इशारा मिलते ही उसे पकड़ लिया और उसके हाथ धुलवाए गए जो गुलाबी हो गए।

विजीलेंस टीम ने मौके पर ही ई.एच.सी. सुरेंद्र सिंह और होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर शाम को नागरिक अस्पताल में मेडीकल करवाया गया। विजीलेंस के डी.एस.पी. शरीफ सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। डी.एस.पी. जितेन्द्र सिंह ने बताया कि चालक ई.एच.सी. सुरेन्द्र को सस्पैंड कर दिया गया है। महिला थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है।

Shivam

Advertising