गौड ब्राह्मण संस्था को दान में दी जमीन तुरंत वापिस करे भाजपा सरकार

punjabkesari.in Friday, May 20, 2022 - 06:11 PM (IST)

चंडीगढ़, (अर्चना सेठी): इनेलो प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने गौड ब्राह्मण संस्था को दान की गई जमीन को हरियाणा भाजपा सरकार द्वारा कब्जे किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिख कर गौड ब्राह्मण संस्था को शैक्षिक संस्थान खोलने के लिए दान में दी गई जमीन को संस्था को तुरंत पुन: वापिस दिए जाने की मांग की।

 

 

गौड ब्राह्मण संस्था की मांग का पूर्ण रूप से समर्थन करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि स्कूल, कालेज जैसे शैक्षिक संस्थान और अस्पताल खोलने के लिए ग्राम पंचायत द्वारा जिला रोहतक के गांव पहरावर की जमीन गौड ब्राह्मण संस्था को दी गई थी। लेकिन रोहतक नगर निगम ने इस जमीन को निगम में आने की बात कह कर दान दी गई जमीन पर कब्जा कर लिया था। उसके बाद हरियाणा शहरी विकास परिषद् द्वारा गौड ब्राह्मण संस्था को जमीन देने के एवज में ईडीसी के नाम पर 8 करोड़ 86 लाख रूपए मांग लिए गए जो बेहद शर्मनाक है। किसी भी सामाजिक/धार्मिक संस्था को दान में दी गई जमीन को वापिस लेना कतई उचित नहीं है। सामाजिक संस्था द्वारा जनकल्याण के लिए चलाए जा रहे शिक्षण संस्थान और अस्पताल से सर्वसमाज के लोगों का भला होता है।

 

 

इनेलो नेता ने मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने विशेषाधिकारों का प्रयोग करे और नियमों में छूट देकर ईडीसी की राशि को एक रूपए टोकन के रूप में लेकर जमीन गौड ब्राह्मण संस्था को दे दी जाए ताकि यह समाजसेवी संस्था शिक्षा के प्रचार-प्रसार में और बेहतर कार्य कर सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Archna Sethi

Recommended News

Related News