PM मोदी के साथ इसरो के कंट्रोल रूम में चंद्रयान-2 की लैंडिंग देखेगी पंचकूला की निष्ठा

Friday, Aug 30, 2019 - 10:43 AM (IST)

पंचकूला(आशीष) : 7 सितम्बर के दिन जब पूरी दुनिया की निगाह भारत के चंद्रयान मिशन-2 पर होगी, उस समय पंचकूला के अमरावती विद्यालय की 8वीं की छात्रा निष्ठा शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संग बैंगलूरू स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नियंत्रण कक्ष में इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनेंगी। उन्हें भारत सरकार से निमंत्रण मिला है। निष्ठा को अब उस ऐतिहासिक पल का बेसब्री से इंतजार है, जब चांद की सतह को चंद्रयान मिशन-2 चूमेगा। 

स्पेस क्विज कम्पीटिशन जीता था :
आठवीं की छात्रा निष्ठा शर्मा ने बताया कि उन्हें स्पेस में काफी रुचि है। पिछले दिनों भारत सरकार की ओर से हर स्कूल में स्पेस क्विज कम्पीटिशन का आयोजन किया गया था। निष्ठा ने 11 अगस्त को इसमें हिस्सा लिया था। 

पूरे देश में करीब 10 दिन तक इसका आयोजन हुआ था। बुधवार को उन्हें क्विज प्रतियोगिता में हरियाणा सेबेहतर रैंक हासिल किया। इसके बाद भारत सरकार की ओर से इस पल का गवाह बनने के लिए उन्हें निमंत्रण भेजा। निष्ठा ने कहा, ‘यह मेरे लिए सबसे बड़ा दिन है। मैं एस्ट्रोनॉट बनना चाहती हूं और यह मेरी पहली सीढ़ी है। विद्यालय के चेयरमैन कुलभूषण गोयल, डायरैक्टर अंबिका मेनन और प्रिंसीपल मनीषा ने कहा कि यह स्कूल के लिए गर्व की बात है। 

निष्ठा के पिता अमृतपाल मढ़ावाला में मोबाइल फोन की दुकान चलाते हैं। माता प्रीति गृहिणी हैं। प्रीति ने बताया कि निष्ठा को रोजाना न्यूजपेपर पढऩे की आदत है। 15 जुलाई को चंद्रयान लॉन्च नहीं हो पाया था, तो वह उदास हो गई थी लेकिन जब दोबारा लॉन्च हुआ तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। 
 

Priyanka rana

Advertising