हरियाणा क नक्शे कदम पर महाराष्ट्र...चुनाव के लिए शौचालय जरूरी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 02, 2015 - 12:10 PM (IST)

मुबई:  अगर आपके पास शौचालय नहीं है तो महाराष्ट्र में आप स्थानीय निकाय चुनाव लडऩे के योग्य नहीं होंगे। भाजपा शासित हरियाणा द्वारा पंचायती राज अधिनियम में बदलाव कर पंयाचत चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों के लिए घरों में शौचालय बनवाना आवश्यक करने के बाद महाराष्ट्र में भी यह पहल शुरू हुई है।

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की अध्यक्षता में आज यहां हुई महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक में स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह निर्णय किया गया। कैबिनेट की बैठक के बाद फडणवीस ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने इसे आवश्यक बना दिया है कि स्थानीय निकाय चुनाव लडऩे के लिए उम्मीदवार के घर में शौचालय होना आवश्यक है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम और नगरपालिका को चुनाव लडऩे के इच्छुक उम्मीदवारों को साबित करना पड़ेगा कि उनके घर में शौचालय की सुविधा है।  फडणवीस ने कहा कि कैबिनेट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2022 तक ‘‘सबके लिए आवास’’ वाली ‘‘दूरदर्शी और महत्वाकांक्षी योजना’’ को महाराष्ट्र में लागू करने का निर्णय किया। उन्होंने कहा, ‘‘इस योजना में निजी बिल्डरों के सहयोग से झुग्गीवासियों के लिए पुनर्वास योजना कवर करने की भी बात है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने महाराष्ट्र प्राकृतिक पर्यटन विकास बोर्ड का गठन करने का भी निर्णय किया जिसका मुख्यालय नागपुर में होगा। फडणवीस ने कहा, ‘‘इससे महाराष्ट्र के 48 अभयारण्यों, छह राष्ट्रीय पार्क और चार सुरक्षित इलाकों में प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।’’


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News