राज्यपाल, सी.एम. व डिप्टी सी.एम. ने हरियाणा दिवस की दी बधाई

Saturday, Oct 31, 2020 - 06:54 PM (IST)

चंडीगढ़,  (पांडेय): हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य, मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने गठन के 54 वर्ष की अवधि में हरियाणा ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। लोगों की कड़ी मेहनत एवं लगन से राज्य ने कृषि के साथ-साथ उद्योग व खेल जगत में भी विश्व में एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में हरियाणा प्रगति की नई बुलंदियों को हासिल करेगा।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष का हरियाणा दिवस कई मायनों में महत्वपूर्ण है।

 

जहां एक ओर विश्व कोविड-19 महामारी से जूझ रहा था तो हरियाणा के मेहनतकश अन्नदाताओं ने रिकार्ड खाद्यान्नों का उत्पादन किया, वहीं दूसरी ओर सरकार ने इस चुनौती को अवसर में बदलते हुए आई.टी. का उपयोग कर अनेक नई योजनाएं क्रियान्वित की। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने कहा कि हरियाणा कई क्षेत्रों में देश में प्रथम स्थान पर है। यह प्रदेशवासियों के कठोर परिश्रम एवं सहयोग से संभव हो पाया है। हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर बढ़ते हुए और बुलंदियों को छूएगा। आर्य ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें। सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई रखें और सैनेटाइजर का प्रयोग करें। इससे जल्द ही हरियाणा प्रदेश कोरोना मुक्त होगा।  उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज का हरियाणा किसान व मजदूर की मेहनत, उद्योगपति के उद्यम और व्यापारी की लगन का परिणाम है। 

Vikash thakur

Advertising