विदेश में भी हरियाणा की मिट्टी की महक

Tuesday, Nov 15, 2016 - 05:45 PM (IST)

चंडीगढ़ (ब्यूरो):  इंगलैंड में रहने वाले हरियाणा के लोगों ने लंदन में हरियाणा जयंती उत्सव धूमधाम से मनाया,जिसमें हरियाणा के पर्यटन मंत्री  रामबिलास शर्मा और सूचना,जनसंपर्क, सांस्कृतिक एवं भाषा मंत्री  कविता जैन भी शामिल हुए।

हरियाणा इन यू.के. एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में लंदन में रहने वाले हरियाणा के सैंकड़ों एनआरआई परिवारों ने हिस्सा लिया।हरियाणा की माटी से जुड़े कई गीत प्रस्तुत किए गए और बालीवुड एक्टर एवं पहलवान जगदीश कालीरामण की टीम ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करके हरियाणवी संस्कृति की महक बिखेरी। 

 पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने इस अवसर पर हरियाणा मूल के लोगों को हरियाणा निर्माण के ५० वर्ष पूरे होने पर बधाई दी और कहा कि स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में जहां पूरे हरियाणा में स्वर्ण जयंती कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं वहीं विदेशों में रहने वाले आप जैसे हरियाणवी भी पूरे हर्षोल्लास से अपने-अपने स्थानों पर स्वर्ण जयंती मना रहे हैं।    
पर्यटन मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हरियाणा की स्वर्ण जयंती के अवसर पर डाक विभाग की ओर से स्मारक डाक टिकट जारी किया है।

इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक  समीरपाल सरो, भाजपा मीडिया प्रमुख  राजीव जैन, हरियाणा इन यू.के एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप अहलावत भी उपस्थित थे।

Advertising