सरकार के आदेशों को टूरिज्म निगम ने दिखाया ठेंगा : लाम्बा

punjabkesari.in Friday, Oct 29, 2021 - 02:56 PM (IST)

चंडीगढ़, (अविनाश पाण्डेय): हरियाणा सरकार ने तीन दिन अवकाश को ध्यान में रखते हुए दिवाली के पर्व से पहले 29 अक्टूबर को वेतन देने का फैसला लिया था। हरियाणा टूरिज्म निगम लिमिटेड ने सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए शुक्रवार को अपने कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं किया है। जिसके कारण टूरिज्म निगम के कर्मचारी काली दिवाली मनाने पर मजबूर होंगे। जिसको लेकर कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।

 

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा व सतीश सेठी ने बताया कि सैण्डपाईपर रेवाड़ी,नीलकण्ठ यात्रिका निवास कुरुक्षेत्र, डिजाइन गैलरी,सनबर्ड सूरजकुंड, बड़खल, मैगपाई फरीदाबाद, ओएसिस करनाल, पिंजोर गार्डन, बारबट सोहना,शमा गुरूग्राम, बुलबुल जींद, डबचिक होडल, जंगल बैबलर धारूहेडा आदि 14 प्रयर्टन केन्द्रों के कर्मचारियों को सितंबर-अक्टूबर ( दो महीने) का वेतन नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि  इसके अलावा 30 प्रयर्टन केन्द्रों के कर्मचारियों को अक्टूबर महीने का वेतन भी शुक्रवार को नहीं मिला है।

 

उन्होंने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में कार्यरत पंचायती ट्यूबवेल आपरेटरों को भी पांच महीने से वेतन नहीं मिला है। सरकार की धोषणा के बावू आज भी वेतन न मिलने से वह भी मायूस हुए हैं। उन्होंने बताया कि कई अन्य विभागों के ठेका कर्मियों को भी शुक्रवार को वेतन न मिलने की सूचनाएं मिल रही है। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव हरियाणा सरकार से मामले में तूरंत हस्तक्षेप कर दीपावली से पहले सभी कच्चे व पक्के कर्मियों को बकाया वेतन का भुगतान करवाने का आग्रह किया है।

 


हरियाणा टूरिज्म कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेश नौहरा, महासचिव सुभाष देसवाल, चेयरमैन मित्रपाल राणा व वरिष्ठ उपाध्यक्ष युद्धवीर सिंह खत्री ने बताया कि टूरिज्म निगम प्रशासन ने बकाया वेतन देने की बजाय स्टाफ के खाने के रेट 900 से बढ़कर 1500 रूपए प्रति माह करके जले पर नमक छिड़कने हुए एक और आर्थिक हमला किया है। उन्होंने बताया कि अभी तक टूरिज्म कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार मकान किराया भत्ते में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। प्रमोशन भी रुकी पड़ी है। दूसरी तरफ निगम को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है। जिसको लेकर टूरिज्म कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन निगम मैनेजमेंट की कान पर जूं तक नहीं चल रही है। उन्होंने निगम कर्मचारियों से आंदोलन तेज करने का आह्वान किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Avinash Pandey

Recommended News

Related News