भाजपा नेता घर घर जा लोगों को करेंगे कोरोना वैक्सीन के प्रति जागरूक

Monday, Oct 25, 2021 - 09:13 PM (IST)

चंडीगढ़, (अर्चना सेठी)-कोरोना के खिलाफ वैक्सीन का सुरक्षा क्वच जन जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता बंतो कटारिया अब पंचकूला जिले में घर घर जाकर वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी। बंतो कटारिया का कहना है कि देश में100 करोड़ वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा करने के बाद अब बाकी की आबादी को भी वायरस से सुरक्षा दिलानी है।

 

भाजपा कार्यकारिणी की हाल ही में प्रदेश स्तर पर आयोजित बैठक के दौरान फैसला लिया गया है कि भाजपा के नेता लोगों के घर घर जाकर उन्हें समझाएंगे कि वैक्सीनेशन की दोनों डोज बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। सिर्फ एक डोज लगाने के बाद दूसरी डोज को छोड़ देना समझदारी नहीं है क्योंकि एक डोज वायरस के प्रति पूरी एंटीबॉडीज नहीं बना सकती। वायरस से लडऩे के लिए शरीर में पर्याप्त मात्रा में एंटीबॉडीज का बनना जरूरी है। जिन लोगों ने वैक्सीन की एक भी डोज नहीं ली है उन्हें भी वैक्सीनेशन के लिए कहा जाएगा। बंतो कटारिया का कहना है कि एक भाजपा नेता या कार्यकर्ता को 70 लोगों के घर में जाना होगा और उन्हें वैक्सीन का महत्व बताना होगा। इन 70 घरों में जाने का लक्ष्य सात दिनों में पूरा करना होगा। 

 

मोदी से लोगों की उम्मीदों को भी जानेंगे कार्यकर्ता
बंतो कटारिया ने कहा कि भाजपा महिला कार्यकर्ताओं को इस अभियान को सफल बनाने की दिशा में विशेष जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकर्ता जनसंपर्क के दौरान लोगों से यह भी पूछेेंगे कि मौजूदा केंद्रीय सरकार से उन्हें भविष्य में किस किस्म की उम्मीदें हैं। लोग प्रधानमंत्री से किस तरह की योजनाऐं लागू करवाना चाहते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं कार्यकर्ता लोगों से कार्ड पर यह भी लिखवाएंगे कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कौन से दो कार्य बेहद पसंद हैं।     
 

Archna Sethi

Advertising