PGI से फोर्टिस जाने के बहाने गायब हो गए BJP लीडर कथूरिया

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2020 - 01:18 PM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील) : सैक्टर-63 की सोसाइटी के ब्लॉक नंबर-12 में महिला मित्र के फ्लैट से गिरकर घायल हुए करनाल के बी.जे.पी. लीडर व शुगरफैड के पूर्व चेयरमैन चंद्र प्रकाश कथूरिया पी.जी.आई. से फोर्टिस हॉस्पिटल जाने के दौरान गायब हो गए हैं। 

कथूरिया की पत्नी ने कहा था कि वह उनका इलाज फोर्टिस हॉस्पिटल में करवाएंगी। डॉक्टरों ने उन्हें रैफर कर दिया। शनिवार को सैक्टर-49 थाना पुलिस चंद प्रकाश कथूरिया के बयान लेने फोर्टिस हॉस्पिटल गई तो हैरान रह गई। हॉस्पिटल के रिकार्ड के मुताबिक चंद्र प्रकाश कथूरिया नाम का कोई भी शख्स यहां दाखिल ही नहीं हुआ। 

इस दौरान सैक्टर-49 थाना प्रभारी को कथूरिया की पत्नी ने मैसेज किया कि उनके पति की हालत ठीक नहीं है। वह काफी स्ट्रैस में हैं। ठीक होने के बाद पति के बयान दर्ज करवा दिए जाएंगे। थाना प्रभारी ने कथूरिया की पत्ली से संपर्क किया तो उन्होंने कथूरिया को लेकर जाने वाली जगह के बारे में कुछ नहीं बताया। वहीं, जिस फ्लैट से कथूरिया ने छलांग मारी थी, उनकी तरफ से भी कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है।

पी.जी.आई. में गलत पता लिखवाया था :
फ्लैट से कूदने वाले चंद्र प्रकाश कथूरिया ने पी.जी आई. में दाखिल करवाने के समय गुमराह किया था। उन्होंने पी.जी.आई. में अपना पता मकान नंबर-1162, सैक्टर-13 पंचकूला लिखवाया था। बाद में पता चला कि पंचकूला में सैक्टर-13 है ही नहीं। 

बाद में परिजनों ने असली पता करनाल में अर्बन एस्टेट के मकान नंबर-1162, सैक्टर-13 बताया। पी.जी आई. में गलत पता लिखवाने के बाद ही कथूरिया फोर्टिस जाने के बहाने गायब हो गए।

महिला मित्र के पास पहले भी आते थे कथूरिया :
चंडीगढ़ के सैक्टर-63 में रहने वाले लोगों ने बताया कि कथूरिया पहले भी अपनी महिला मित्र से मिलने यहां आते थे। वह गाडी पार्किंग में खड़ी कर महिला मित्र के पास चले जाते थे। पुलिस अब सोसायटी में लगे सीसी.टी.वी. कैमरे खंगाल रही है।

जानकार आने पर लगाई थी छलांग :
पुलिस जांच में सामने आया कि चंद प्रकाश कथूरिया अपनी महिला मित्र के साथ फ्लैट में मौजूद थे। इस दौरान महिला का एक जानकार फ्लैट पर पहुंच गया। उसने दरवाजा खुलवाने के लिए डोर बेल बजाई तो कथूरिया सैकेंड फ्लोर से बालकनी में कपड़े बांधकर नीचे उतरने लगे तो वह नीचे गिरकर घायल हो गए थे। 

वहीं पुलिस विभाग के पी.आर ओ. ने बताया कि कथूरिया ने पी.जी.आई. में गलत पता लिखवाया था। कथूरिया को उसके परिजन पीजीआई. से फोर्टिस लेकर गए थे लेकिन पुलिस को कथूरिया फोर्टिस हॉस्पिटल में नहीं मिला। उसकी पत्नी ने पुलिस को कहा है कि ठीक होने के बाद कथूरिया के बयान दर्ज करवाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Priyanka rana

Recommended News

Related News