बस यात्रियों को बड़ी राहत! रोडवेज कर्मचारियों ने टाली 2 दिन की हड़ताल...25 नवंबर को विज के साथ होगी महाबैठक
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 04:00 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा में अगले दो दिनों तक बस सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन के नेताओं और परिवहन विभाग के आयुक्त के बीच आयोजित महत्वपूर्ण बैठक समाप्त हो गई है। बैठक में बनी सकारात्मक सहमति के बाद कर्मचारियों ने कल और परसों होने वाली अपनी प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का बड़ा फैसला लिया है।
यूनियन प्रतिनिधियों और विभाग के आला अधिकारियों के बीच वार्ता के बाद तय हुआ है कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आगामी 25 नवंबर को हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज के साथ रोडवेज कर्मचारी यूनियन नेताओं की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।
हड़ताल स्थगित होने से प्रदेश भर में रोडवेज बसों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा, जिससे रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट किया है कि वे परिवहन मंत्री अनिल विज के साथ 25 नवंबर को होने वाली बैठक में अपनी मांगों को प्रमुखता से रखेंगे और उम्मीद जताते हैं कि सरकार उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान निकालेगी।
