बाबा साहेब अम्बेडकर ने नागरिकों के समान अधिकारों के लिए संघर्ष किया: अभय सिंह चौटाला

Thursday, Apr 14, 2022 - 07:13 PM (IST)

चंडीगढ़, (अर्चना सेठी )इनेलो प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय में डा. भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव आरएस चौधरी, राष्ट्रीय संगठन सचिव श्याम सिंह राणा, पार्र्टी कार्यालय सचिव नच्छत्तर सिंह मल्हान सहित कई इनेलो कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर ने जीवन भर देश के नागरिकों के समान अधिकारों के लिए संघर्ष किया। बाबा साहेब विश्व भर में मानवाधिकार आंदोलन, भारतीय संविधान निर्माता और उनकी विद्वता के लिए जाने जाते हैं। इनेलो पार्टी हर साल 14 अप्रैल को यह दिवस उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए मनाती है। बाबा साहेब ने हमेशा गरीब, मजदूर, किसान और कमेरों के हितों की लड़ाई लड़ी। जननायक ताऊ देवी लाल और चौधरी ओम प्रकाश चौटाला जब भी सत्ता में रहे उन्होंने हमेशा गरीब, मजदूर, किसान और कमेरों के उत्थान के लिए कार्य किए। भीम राव अम्बेडकर को भारत रत्न दिलाने में जननायक चौधरी देवी लाल का अहम योगदान रहा है।

 

उन्होंने कहा कि हरियाणा कृषि प्रधान प्रदेश है और बैसाखी का दिन किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इनेलो किसान, मजदूर और कमेरे की पार्टी है इसलिए हर साल सभी जिलों में बैसाखी का पर्व बहुत धूमधाम से मनाती है। इस दिन को हरियाणा और पंजाब के अलावा उत्तर भारत में फसल की कटाई शुरू होने की सफलता के रूप में मनाया जाता है। इस दिन गेहूं और तिलहन की कटाई शुरू होती है। हिन्दू पंचांग के अनुसार इस दिन हिन्दू नववर्ष भी आरम्भ होता है।

 

वीरवार को प्रदेश के जिलास्तर पर भी इनेलो ने अम्बेडकर जयंती और बैसाखी का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया। इनेलो के सभी जिलाध्यक्षों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जिला कार्यालयों पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

Archna Sethi

Advertising