‘दिल्ली जाने के लिए हरियाणा पुलिस की टै्रफिकएडवाइजरी’  ‘सिंघु व टीकरी बॉर्डर का इस्तेमाल करने से बचें यात्री’

Tuesday, Dec 01, 2020 - 10:03 PM (IST)

चंडीगढ़, (बंसल): हरियाणा पुलिस ने किसान संगठनों द्वारा कृषि कानूनों को लेकर किए जा रहे धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर सोनीपत व झज्जर जिलों से दिल्ली जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों के प्रवेश के बाधित होने के कारण एहतियात के तौर पर टै्रफिक एडवाइजरी जारी की है। हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि किसानों द्वारा राई और कुंडली के बीच एकत्रित होने के कारण यात्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 (अम्बाला-दिल्ली) पर स्थित सिंघु बॉर्डर से राष्ट्रीय राजधानी जाने से बचें। अम्बाला की ओर से दिल्ली जाने के इच्छुक लोगों को पानीपत - रोहतक - झज्जर - गुरुग्राम - दिल्ली मार्ग से जाने का अनुरोध किया जाता है।

 


इसी प्रकार झज्जर जिले के बहादुरगढ़ की ओर से टीकरी सीमा पर किसानों के बड़े पैमाने पर जमावड़े को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस ने भी दिल्ली पहुंचने के लिए कई वैकल्पिक मार्गों का सुझाव दिया है, क्योंकि टीकरी सीमा पर यातायात बाधित है। हिसार की ओर से दिल्ली जाने वालों को रोहतक - झज्जर - गुरुग्राम से होते हुए दिल्ली जा सकते हैं। हालांकि, राज्यभर में अन्य सभी मार्गों पर यातायात की सुचारु आवाजाही जारी है। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था को बनाए रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। वर्तमान स्थिति में प्रदेश के नागरिकों व बाहर से आने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए हरियाणा पुलिस लगातार दिल्ली पुलिस के संपर्क में है तथा सभी एहतियात कदम उठाए जा रहे हैं।
 

Vikash thakur

Advertising