देश व समाज के विकास में सामाजिक संस्थाओं की बड़ी भूमिका : गुर्जर
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2015 - 02:45 PM (IST)
फरीदाबाद (सूरजमल): केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि देश व समाज के विकास में सामाजिक संस्थाओं की बड़ी भूमिका है। जरूरतमंद लोगों की मदद करना पुण्य कार्य है। भारत विकास परिषद (भाविप) के समाज उपयोगी कार्य औरों को भी बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर भाविप की ओर से तेरापंथ भवन में आयोजित शपथ ग्रहण तथा परिवार मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थे। उन्होंने कहा कि समाज के किसी भी वर्ग विशेष के बच्चों को कृत्रिम अंग की जरूरत हो या अन्य किसी भी तरह के सहयोग की तो उनका मंत्रालय हर संभव सहयोग करेगा।
उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के भाविप को बधाई दी। परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल तथा महासचिव एसएन बंसल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में भाविप के राष्ट्रीय मंत्री सीपी आहूजा बतौर मुख्य वक्ता मौजूद थे।
सीपी आहूजा ने कहा कि सेवा प्रकल्पों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। भारत विकास परिषद, संस्कार शाखा अध्यक्ष संजीव शर्मा, शाखा सचिव संदीप मितल, कोषाध्यक्ष अनुभव माहेश्वरी, सदस्य सुरेंद्र जग्गा तथा अमर बंसल ने समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने की शपथ ली।
