चौटाला हाऊस मारपीट मामला: आरोपी के पिता बोले- मेरा बेटा बेकसूर
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2015 - 04:14 PM (IST)
सिरसा (सतनाम सिंह): सिरसा के चौटाला हाऊस में 31 मई को दुष्यंत चौटाला के गनमैन के साथ मारपीट मामले में आरोपी विनीत बेनीवाल के पिता ने प्रैस वार्ता कर इस मामले को झूठा मामला बताया है। विनीत के पिता का कहना है कि ऐसा कोई मामला है ही नहीं उसके पुत्र को इस मामले में झूठ फंसाया जा रहा है।
आरोपी विनीत के पिता अमर सिंह ने ये मांग की है कि पुलिस चौटाला हाऊस में लगे CCTV कैमरे की फुटेज निकलवाएं और अगर इस फूटेज में उनका पुत्र मारपीट करता या गालीगलोच करता नजर आता है तो वह गुनहगार होंगे। आरोपी के पिता अमर सिंह का कहना है कि उनके बेटे विनीत का चौटाला परिवार के साथ पारिवारिक झगड़ा चल रहा है। जिस वजह से उन्होंने ये मामला दर्ज करवाया है।
अमर सिंह ने पुलिस पर भी सही तरीके से जांच न करने का आरोप लगाया। सिंह ने कहा कि उन्होंने एस.पी. से भी यही मांग की थी कि पुलिस इस मामले में चौटाला हाऊस में लगे CCTV फुटेज निकलवाए और अगर उस फुटेज में ऐसा लगता है तो विनीत के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
आपको बता दें कि हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला के सरकारी गनमैन ने सिरसा के थाने में एक शिकायत दी थी कि 31 मई की रात को एक व्यक्ति चौटाला हाऊस के बाहर गालियां निकालने लगा जब उसने उसको रोकना चाहा तो उस व्यक्ति ने गनमैन के साथ मारपीट की और मारपीट के दौरान उसका दांत तोड़ दिया। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने विनीत बेनीवाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
