नेता,अधिकारी के गठजोड़ को तोड़कर ही खत्म हो सकता है ''भ्रष्टाचार''

Monday, Mar 30, 2015 - 04:42 AM (IST)

सोनीपत/कैथल(दीक्षित /पराशर): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए नेता, अधिकारी और कर्मचारी के बीच बने चक्र को तोडऩा होगा। इस दिशा में सरकार लगातार सार्थक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सिस्टम को दुरुस्त और जवाबदेह बनाने के लिए सरकार विभागों में ई-गवर्नैंस लागू कर रही है। खट्टर यहां एक निजी समारोह में शिकरत करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों से राजनीति में जो गंदगी भरी हुई थी, उसे अब साफ करने की जरूरत है।

सरकार का एकमात्र संकल्प प्रदेश से भ्रष्टाचार को खत्म कर सुशासन के रास्ते पर आगे बढऩा है। समारोह में मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की कैमिस्ट्री गजब की दिखी। दोनों मंच पर गुफ्तगू करते नजर आए, तो कई बार ठहाके भी लगाए। स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि जनहित के सरकारों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य पर काम करना जरूरी है और हमारी सरकार की भी यह पहली प्राथमिकता है।

उधर, कैथल के विश्रामगृह में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि उनकी सरकार अपने वायदे के अनुसार पारदर्शी एवं सुशासन प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टोलरेंस की नीति अपना रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता संख्या 25 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है तथा देशभर में 10 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Advertising