लोहे का गेट गिरने से 10 वर्षीय बच्ची की मौत

Friday, Mar 06, 2015 - 03:38 AM (IST)

हिसार: सुरक्षा की दृष्टि से कालोनियों के बाहर लगने वाले एक गेट ने मासूम बच्ची की जान ले ली। यह हादसा अग्रवाल कालोनी में उस वक्त हुआ जब गेट के निकट बच्चे खेल रहे थे कि गेट उन पर गिर गया। इस हादसे में एक लड़का भी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं इस हादसे से दुखी कालोनी के लोगों ने शुक्रवार को होली न मानने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार अग्रवाल कालोनी निवासी बजरंग की पुत्री ममता (10) बच्चों के साथ गली में खेल रही थी।

इस दौरान बच्चे कालोनी में लगे गेट पर खेल पर रहे थे। अचानक लोहे का गेट बच्चों पर आ गिरा। गेट गिरने से ममता गंभीर रूप से घायल हो गई। एक अन्य लड़के शुभम को भी चोटें आईं। गेट गिरने पर अन्य बच्चों ने शोर मचाया दिया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और तुरंत बच्ची को अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घायल शुभम को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शुभम के पैर में फ्रैक्चर आया है।

तीसरी कक्षा की होनहार छात्रा थी ममता

ममता तीसरी कक्षा की होनहार छात्रा थी। वह अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अपनी छोटी बहन का भी ख्याल रखती थी। बजरंग अपनी दोनों बेटियों को पिछले कई महीनों से अकेले की पाल रहा था। उसकी पत्नी कुछ समय से अलग रह रही है। ममता बड़ी और लाडली बेटी थी। यही नहीं कालोनी के लोग भी ममता से बहुत प्यार करते थे।

कालोनी में शोक की लहर

इस हादसे के बाद अग्रवाल कालोनी में शोक की लहर है। कालोनी के लोगों  ने बच्ची के अंतिम संस्कार के बाद मीटिंग की और निर्णय लिया कि वे शुक्रवार को होली पर्व नहीं मनाएंगे।

Advertising