फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2015 - 03:33 AM (IST)

समालखा (राकेश): गांव चुलकाना में होली के दिन एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव बरामदे में लगी लोहे की खूंटी पर लटका मिला। मामले की सूचना पाकर डी.एस.पी. व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल में भिजवा दिया है। वहीं मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव जलमाना वासी आजाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। तीन साल पहले उसने अपनी बेटी आरती की शादी गांव चुलकाना वासी गुरुदीप के साथ की थी। उसने बताया कि बेटी की शादी में अपनी हैसियत के अनुसार खर्च किया था लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने आरती को दहेज की खातिर तंग करना शुरू कर दिया। उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों को ऐसा न करने से रोका लेकिन दहेज लोभियों का लालच खत्म नहीं हुआ और उन्होंने गुरुवार को उनकी बेटी आरती के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर शव को बरामदे में लगी लोहे की खूंटी पर लटका दिया।

सूचना पाकर जब वे मौके पर पहुंचे तब उसका शव चारपाई पर मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डी.एस.पी. समालखा गोरखपाल राणा, थाना प्रभारी अमित कुमार व एस.एफ.एल. की टीम मौके पर पहुंची। वहीं मृतका के पति गुरुदीप ने मायके वालों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि कई दिन पहले उसकी पत्नी आरती और उसकी मां घी को बर्तन में डाल रही थी। उसी दौरान कुछ घी नीचे गिर गया जिसको लेकर सास व बहू में कहासुनी हो गई थी। कहासुनी के चलते उसकी मां ने आरती को डांटा था। गुरुवार को सुबह फिर कहासुनी हुई तो आरती ने पशुओं वाले बरामदे में खूंटी पर रस्सी का फंदा बनाकर फांसी ले ली।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News