बीरेंद्र सिंह बोले, कांग्रेस नेता जनता को कर रहे गुमराह

Monday, Mar 02, 2015 - 01:08 PM (IST)

अंबाला: केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने नए भूमि अधिग्रहण विधेयक को किसानों के हितों की रक्षा करने वाला बताते हुए कहा कि विपक्षी दल इसे लेकर भ्रांति फैला रहे हैं। सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन से यह हर स्तर पर किसानों के हितों की रक्षा करेगा। कुछ विपक्षी पार्टियां अफवाह फैला रही हैं कि राजग सरकार किसान विरोधी है जो पूरी तरह से गलत है।’’

सिंह ने कहा कि पूर्व की संप्रग सरकार के भूमि अधिग्रहण कानून में कई खामियां थी जिसे सुधारा जा रहा है। सिंह ने कहा, ‘‘कांग्रेस नेतृत्व वाली अधिकतर सरकारों ने तत्कालीन संप्रग सरकार की ओर से लाए गए विधेयक में कुछ अहम संशोधन लाने की मांग की थी लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया।’’

पिछले साल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले सिंह ने संप्रग सरकार पर लोकसभा चुनावों में राजनीतिक फायदे के लिए भूमि अधिग्रहण कानून लाने का आरोप लगाया। सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेता इस बिल के बारे में कमरे में होने वाली बैठक में कुछ बोलते हैं और बाहर आकर जनता को गुमराह करने के लिए अलग बोली बोलने लगते हैं।

 
 
 
Advertising