लापता महिला का शव नहर से मिला

Sunday, Mar 01, 2015 - 11:52 PM (IST)

रेवाड़ी (वधवा): जिला के गांव कारोली से शनिवार सायं से लापता महिला का शव रविवार को सिहोर व बव्वा गांव के बीच जे.एल.एन. नहर से बरामद हुआ है। उल्लेखनीय है कि 52 वर्षीय महिला को कुछ ग्रामीणों ने बीती सायं नहर में गिरते देख लिया था। मामले की सूचना नाहड़ चौकी पुलिस को देने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को खोजने का प्रयास प्रारंभ किया परन्तु देर रात तक सफलता नहीं मिली।

रविवार को पुन: गोताखोरों को बुलाकर व नहर में पानी को रुकवाकर उसकी खोजबीन शुरू की गई।  गांव के समीप से खोज प्रारम्भ करते हुए सिहोर की ओर बढ़ते हुए अंतत: गोताखोरों को सफलता मिली तथा सायं साढ़े 4 बजे महिला के शव को नहर से निकाल लिया गया। उसकी पहचान तारावती पत्नी रत्न सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी भिजवाया है। बताया गया की महिला मानसिक रूप से परेशान थी। मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

Advertising