SDO के नाम पर करता था वसूली, पहुंचा जेल

Saturday, Feb 28, 2015 - 06:58 AM (IST)

गुडगांव (रीतेश): नगर निगम के ठेकेदार के यहां अस्थाई रूप से काम रहे एक कर्मचारी का एडीओ के नाम पर रकम वसूली करना महंगा पड़ गया। वह नगर निगम के एसडीओ के नाम पर एक विज्ञापन एजैंसी को पोस्टर लगवाने के लिए 10 हजार रुपए की मांग कर रहा था लेकिन एजैंसी ने इसकी शिकायत निगम अधिकारियों से कर दी। जांच-पड़ताल के बाद निगम के अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ कर सिटी थाना पुलिस को सौंप दिया।

नगर निगम के एसडीओ की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश कर दिया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जांच अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि नगर निगम के एसडीओ सोनू कुमार की शिकायत पर गणेश नाम के व्यक्ति के खिलाफ  धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।नगर निगम के एक ठेकेदार के यहां गणेश ट्रैक्टर चालक का काम कर रहा था। सार्वजनिक स्थलों पर लगे विज्ञापन संबंधी पोस्टर और होर्डिंग्स को हटाने का काम आजकल नगर निगम द्वारा किया जा रहा है।

वहीं एसडीओ का नाम लेकर गणेश पोस्टर व होर्डिंग्स लगवाने की बात एनएस पब्लिसिटी एजैंसी से की और इसके एवज में उसने 10 हजार रुपए मांगे। इस पर विज्ञापन कंपनी के अधिकारियों ने नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की। एसडीओ ने इस मामले को संज्ञान लेते हुए गणेश के खिलाफ  शिकायत दर्ज कराते हुए उसे पकड़ कर सिटी थाना पुलिस को सौंप दिया। शुक्रवार को आरोपी गणेश को न्यायालय में पेश कर दिया गया जहां से उसे 14 दिन के लिए भोंडसी जेल भेज दिया।
Advertising