रेल बजट: खाली हाथ हरियाणा, क्या दी नेताओं ने प्रतिक्रिया

Friday, Feb 27, 2015 - 12:26 PM (IST)

सोनीपत: रेल मंत्री सुरेश प्रभु की ओर से गत गुरुवार को लोकसभा में रेल बजट 2015-16 पेश किया। इस रेल बजट से लोगों को काफी उम्मीदें थी लेकिन हरियाणा पर प्रभु अपनी कृपा नहीं कर पाए। हरियाणा ने हाथ लगी मायूसी पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी तो वहीं राजनीतक क्षेत्र से संबंधित नेता और विधायक इस रेल बजट पर अपनी राय देने पर पीछे नहीं रहे।

किसने क्या कहा-


कविता जैन
रेल मंत्री ने बजट में साफ संकेत दिए हैं कि भाजपा सरकार की करनी व कथनी में कोई अंतर नहीं है। किराया न बढ़ाकर जहां आम आदमी का ध्यान रखा है वहीं, ट्रेनों व स्टेशनों पर सुविधाओं को हाइटैक किए जाने की घोषणा स्वागत के योग्य है। अब तक के रेल बजटों में सपने दिखाए जाते थे और उन्हें पूरा नहीं किया जाता था लेकिन भाजपा सरकार के इस रेल बजट से हर वर्ग को सुविधाएं देने का वायदा है। इनमें से ज्यादातार पर काम शुरू हो चुका है। सोनीपत से 50 हजार से भी ज्यादा रेल यात्री दैनिक यात्रा करते हैं जिनकी सुविधाओं को बजट में ध्यान रखा गया है। कुछ मांगे ऐसी हैं जिन्हें मैं स्वयं रेल मंत्री से मिलकर पूरा करवाऊंगी।

अनिल विज, कैबिनेट मंत्री
कैबिनेट मंत्री अनिल विज वयस्तता के चलते ज्यादा बजट नहीं सुन पाए, उन्होंने कहा कि प्रभु की कृपा जरूर हुई होगी

रमेश कौशिक, सांसद
भाजपा सरकार ने रेल बजट में हर यात्री की सुविधाओं का ध्यान रखा है। लंबे समय से यह महसूस किया जा रहा था कि रेलवे स्टेशनों व ट्रेनों में हालत बिगड़ती जा रही है। महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता थी। इन सब बातों को ध्यान में रखकर बजट पेश किया गया है। पिछली सरकार ने रेलवे की हालत खराब कर दी थी। वर्तमान में इसे ट्रैक पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

आजाद सिंह नेहरा, वरिष्ठ भाजपा नेता
रेल बजट से साफ है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत की नींव रख चुके हैं। ट्रेनों में स्तरीय सुविधाओं से न केवल रेल यात्रियों को खुशी मिलेगी बल्कि रेलवे के क्षेत्र में भारत की छवि भी निखरेगी। घंटों लेट होने के कारण रेलवे से यात्रियों का विश्वास टूट चुका था। अब इस विश्वास को बहाल करने की कोशिश भाजपा सरकार ने की है।

अशोक अरोड़ा, प्रदेश अध्यक्ष (इनेलो)
इनेलो प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा की जनता को मोदी सरकार से काफी उम्मीदें थीं लेकिन सारी टूट गईं।

अशोक तंवर
मोदी सरकार की पहली पूर्ण रेल बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। तंवर ने कहा कि हरियाणा में कई घोषणाएं लंबित हैं ऐसे में रेल मंत्री ने इन घोषणाओं को पूरा करने के लिए कोई डेडलाइन तक नहीं दी, ऐसे में ये रेल बजट केवल बातों का है-कामों का नहीं।

विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल गुर्जर
बजट पूरे देश को ध्यान में रखकर बनाया गया। हरिद्वार से कुरुक्षेत्र वाया यमुनानगर रेलवे लाइन पर अध्यक्ष बोले कि तीन या छह माह में नहीं हर काम पूरे नहीं हो सकते। मोदी द्वारा की हर घोषणा जरूर पूरी होगी।

सांसद रत्नलाल कटारिया
लंबित घोषणाओं के लिए प्रयास जारी रहेंगे और इस संबंधी वरिष्ठ नेताओं से बात की जाएगी।

 
 
 

 

Advertising