कर्मचारियों से वोट लेकर राजनीतिक पार्टियां कर रही हैं धोखा : शर्मा

Sunday, Feb 01, 2015 - 12:21 AM (IST)

भिवानी (पंकेस): प्रदेश सरकार के सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले लिपिक, चतुर्थ श्रेणी व मिनिस्ट्रीयल स्टाफ से संबंधित सभी कर्मचारी सांझे मांग पत्र को लेकर पंजाब की तर्ज पर वेतन व भत्तों को लागू करवाने के लिए लामबंद होकर आंदोलन करेंगे। सर्व कर्मचारी संघ के कार्यालय महम रोड पर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ की जिला स्तरीय बैठक जिला प्रधान महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। मंच का संचालन कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह भुक्कल ने किया। सतबीर शर्मा ने बैठक में कहा कि लगातार मिनिस्ट्रीयल स्टाफ के कर्मचारियों को वोट लेकर राजनीतिक पाॢटयां धोखा दे रही हैं। मिनिस्ट्रीयल स्टाफ ने पंजाब के समान वेतनमान की मांग को लेकर पूर्ववर्ती सरकार के खिलाफ लम्बा आंदोलन लड़ा था। 

कांग्रेस सरकार को घोषणा करने पर मजबूर होना पड़ा, अब भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव से पहले घोषणा पत्र में पंजाब के समान वेतन की मांग को शामिल कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ को वेतनमान देने का वायदा किया था लेकिन वोट लेकर मनोहर लाल खट्टर की हरियाणा सरकार अब कर्मचारियों को आंख दिखा रही है। मिनिस्ट्रीयल स्टाफ ने बैठक में ऐलान किया कि आल इंडिया स्टेट गवर्नमैंट एम्प्लाइज फैडरेशन के आह्वान पर 26 फरवरी को जिला स्तर पर होने वाले सामूहिक जेल भरो आंदोलन में मिनिस्ट्रीयल स्टाफ के कर्मचारी भी भाग लेंगे। बैठक में सहदेव सिंह, कमल सिंह, अनिल कुमार, पवन सिंह, सुरेश यादव, जगजीत, रविंद्र सहरावत, सुरेश सिंहमार, बिमला देवी, गीता, सुनीता, कर्ण सिंह, योगेश्वर दत्त, महाबीर, धर्मपाल सिंह भी मौजूद थे।

Advertising