व्यक्ति किसी भी पद पर हो उसकी भाषा होनी चाहिए सभ्य : हुड्डा

Saturday, Jan 31, 2015 - 04:28 AM (IST)

करनाल : हरियाणा की खट्टर सरकार में शामिल प्रदेश के राज्यमंत्री कृष्ण बेदी तथा कुरुक्षेत्र की सी.एम.ओ. के बीच उपजे विवाद में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि व्यक्ति किसी भी पद पर हो, उसकी भाषा सभ्य होनी चाहिए। वह सैक्टर-13 स्थित कांग्रेस नेता रमेश चौधरी के निवास पर उनके भाई के  निधन पर शोक व्यक्त करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा लग रहा है कि यहां कोई सरकार काम नहीं कर रही, बल्कि राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार ने नौकरियों में पारदर्शिता लाने के लिए इंटरव्यू प्र्रतिशत को 10 प्रतिशत कर दिया है लेकिन वह बोले कि सरकार पहले नौकरियां तो लगाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग नई सरकार से दुखी हो चुके है। वह लगातार हरियाणा का दौरा कर रहे हैं। लोगों में सरकार को लेकर आक्रोश है। लोगों को लगता ही नहीं है कि सरकार कोई काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जो नीतियां सरकार ने बनाई हैं वह लगातार फेल होती जा रही है। लोग सी.एम.ओ. विंडो पर शिकायत तो दे आते हैं लेकिन उनकी शिकायतों का समाधान नहीं होता।

प्रदेश में लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। खुद सी.एम. सिटी में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामीनाथन आयोग का मुद्दा उठाने वाली भाजपा सरकार अब कहां है। अब वह स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू क्यों नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों से छल किया है। लोगों को अब समझ में आ गया है कि यह सरकार ज्यादा देर तक चलने वाली नहीं है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता, प्रो. वीरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक सुमिता सिंह, सुरेंद्र नरवाल, रमेश चौधरी, पूर्व मंत्री भीमसैन मेहता, सुमित कुमार, प्रदीप चौधरी, जय भगवान चौधरी समेत कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे।

Advertising