मौसम अलर्ट : सीजन में पहली बार गिरा पाला

Friday, Jan 30, 2015 - 06:48 AM (IST)

सोनीपत (विकास): पिछले कई दिन से सुबह के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने से लोगों को ठंड से राहत मिली हुई थी परंतु आज आसमान साफ होने व सुबह हवाओं की गति कम होने से सीजन में पहली बार लोगों को पाले का सामना करना पड़ा। परिणामस्वरूप न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह जल्दी धूप निकलने से दिन में लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली।

गौरतलब है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते 24 जनवरी के बाद से ही रात को आसमान में बादल छाए हुए थे। परिणामस्वरूप ओंस कम गिरने से जिले का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अधिकतम तापमान भी 17 डिग्री सैल्सियस के आसपास बना हुआ था लेकिन पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से आसमान साफ हो गया है और वीरवार आज सुबह हवाओं की गति कम होने से पहली बार पाला गिरा।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ
मौसम विशेषज्ञ डा. शर्मा ने बताया कि आसमान साफ होने व हवाओं की गति कम होने से पाला गिरा है। अगले कई दिनों तक पाला गिरने का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि 2 या 3 फरवरी के आसपास बरसात होने की सम्भावना बनी हुई है।

Advertising