मोदी की रैली के लिए खोले थे कट, आपके लिए नहीं

Friday, Jan 30, 2015 - 05:10 AM (IST)

पानीपत (खर्ब): जी.टी.रोड पर जाम की समस्या हल करवाने को लेकर जिला प्रशाासन ने कई कदम उठाए जिनका कुछ असर भी हुआ लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से पहले जी.टी.रोड पर शहर को बांटने जैसा कार्य करने वाला फ्लाईओवर पर कट बनाए गए थे। कई दिनों तक यहां से वाहन भी गुजरने लगे थे। लोगों को  लगने लगा था की पुल के नीचे लगने वाले जाम से बचने के लिए पुल के ऊपर से आसानी से गुजरा जा सकता हैं लेकिन लोगों के लिए सुविधा की बजाय दुविधा ही बने फ्लाईओवर के कट स्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं।

शहर वासियों को यह समझना होगा कि ये कट उनके लिए नहीं बल्कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान आए केंद्र व चंडीगढ़ के अफसरों को यह दिखाने के लिए खोले गए थे कि पानीपत में कोई जाम नहीं है तथा शहर की जनता राम राज्य में जीवन यापन कर रही है लेकिन हालत पहले की तरह खराब होते जा रहे हैं।  बंसत कुंज वासी दीपक खटकड़ ने कहा कि सरकार ने जाम की समस्या सुलझाने के लिए मात्र दिखावा किया। जब प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान कट खोलकर जाम की समस्या सुलझाई जा सकती है तो अब क्यों नहीं कट खुले रखे जा सकते हैं।

इस बारे में पंजाब केसरी ने जनहित में समाचार प्रकाशित किया था जिसके अगले दिन कट खोल दिया गया लेकिन दुर्घटना का बहाना बनाकर फिर से कट बंद कर दिए। यदि दुर्घटना का खतरा है तो यातायात या सिविल इंजीनियरिंग की कमी को सुधारा जा सकता है। वहीं क्षेत्र के सांसद व विधायक भी जनता की समस्याओं के प्रति अनजान से बने हुए है तथा जाम व अतिक्रमण की समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पार्षद हरीश शर्मा ने कहा कि जब  लोगों को समस्या है तो जाम की समस्या का हल प्रशासन को करना चाहिए।

सुविधा शोरूम से जोध सचियार तकपुलिस देखरेख में लगा रहता है जाम
जी.टी.रोड पर गोहाना मोड़ से लेकर बाबा जोध सचियार तक पुलिस की देखरेख में जाम लगा रहता है। लोगों के आरोप है कि यह सब पुलिस की मिलीभगत से हो रहा है। सुविधा शोरूम, होटल महाराजा व ककड़ मोटर्स की पार्किंग ऑन जी.टी.रोड रहती है। यहां तीनों संस्थानों के आगे सौ से ज्यादा वाहन होते हैं। लोगों का कहना है कि शोरूम पर अधिकारी खरीदारी करने आते हंै। वहीं पुलिस अधिकारियों के साथ भी उक्त तीनों संस्थान संचालकों को अच्छा तालमेल रहता है।

यहां से सैक्टर-11-12 से वाहन चालक आते हैं। जिले के 3 विधायकों का निवास भी इसी क्षेत्र में हैं लेकिन यहां पर सुबह से शाम तक जाम रहता है। ककड़ मोटर्स की दुकान के बाहर कर्मचारियों ने कब्जा कर गाड़ी ठीक करने का धंधा शुरू किया हुआ है। वहीं पार्ट्स के खरीदारों के वाहन भी जी.टी.रोड पर खड़े रहते हैं। सामने की अंडर पास है जिस कारण दुर्घटना होने का डर बना रहता है।

Advertising