प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया : नेहरा

punjabkesari.in Thursday, Jan 29, 2015 - 06:04 AM (IST)

रानियां (सतनाम): भाजपा नेता और पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा ने कहा कि यह पहला मौका है, जब विश्व के सबसे शक्तिशाली राष्ट्र अध्यक्ष ने भारत की खुले मन से प्रशंसा करके विश्व भर में देश को गौरवांवित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से ही यह संभव हो पाया है। केन्द्र की भाजपा सरकार ने थोड़े समय में ही जो काम किए हैं, उनसे यही संकेत मिलता है कि आने वाले समय में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का विशेष स्थान होगा। नेहरा ने अपने जनसम्पर्क  अभियान के दौरान गांव मौजदीन, गिंदड़ावाली, ढाणी प्रताप सिंह, फिरोजाबाद, अभोली, धमोड़ा थेड़ी, गोबिंदपुरा, नानुआना, मंगालिया सहित गांवों का दौरा किया।

नेहरा ने ग्रामीणों को बताया कि ओटू-मौजदीन -मगेकां सड़क मार्ग के दोबारा निर्माण के लिए सरकार ने 8 करोड़ 81 लाख रुपए की ग्रांट मंजूर की है। पूर्व मंत्री नेहरा रानियां भाजपा नेता गोबिंद पोपली के निवास स्थान पर कुछ देर के लिए रुके और उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि पहली बार स्पष्ट बहुमत से हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी है। केन्द्र तथा हरियाणा में बनी भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित तथा विकास कामों की खूब प्रशंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा का गणतंत्र दिवस पर भारत आगमन के साथ भारत-अमरीका में दोस्ती का रिश्ता मजबूत हुआ है।

इससे दोनों देशों में अनेक क्षेत्रों में विकास के नए द्वार खुलेंगे। लोगों को सम्बोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. गणेशीलाल ने कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति का भारत आना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो देश की अखंडता और एकता के लिए संघर्षरत है। इस अवसर मदन लाल पोपली, चन्द्र भान कामरा, मंडल प्रधान भीम गर्ग, सुरेन्द्र नेहरा, प्रभुराम बैनीवाल, रमेश बैनीवाल, दयाल सिंह, गोबिंद पोपली, यशपाल सेतिया, बलवत काम्बोज, सुलतना सिंह मंगालिया, भूपेन्द्र सिंह, बलदेव सिंह अभोली सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News