सूखे से खराब फसलों के मुआवजे की 22.88 करोड़ की राशि मिली

punjabkesari.in Thursday, Jan 29, 2015 - 12:39 AM (IST)

जींद (का.प्र.): पिछले साल सूखे के कारण जींद जिले में खरीफ की फसलों को हुए भारी नुक्सान के मुआवजे के रूप में जींद जिले के किसानों को मुआवजे की राशि के वितरण के लिए 22.88 करोड़ रुपए की राशि सरकार से जींद प्रशासन को मिल गई है। इस राशि के किसानों में वितरण के लिए सम्बन्धित हलका पटवारियों को ए.पी.आर. रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जींद जिले में पिछले साल मानसून के पूरी तरह दगा दे जाने से कपास और धान की फसल को भारी नुक्सान हुआ था।

मानसून की बारिश साल 2014 में साल 2013 के मुकाबले एक तिहाई भी नहीं हुई थी। इससे धान का बड़ा रकबा बिना रोपाई के खाली रह गया था और जिन किसानों ने किसी तरह अपने खेतों में धान की रोपाई और कपास तथा दूसरी खरीफ फसलों की बिजाई कर दी थी, उनकी फसल भी सूखे की भेंट चढ़ गई थी। सूखे से जींद में खरीफ की फसलों को हुए भारी नुक्सान की स्पैशल गिरदावरी करवाकर किसानों को नुक्सान के मुआवजे की मांग को लेकर इनैलो समेत दूसरे कई दलों और किसान संगठनों ने यहां प्रदर्शन कर सरकार के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपे थे। केंद्र की एक टीम ने भी जींद में सूखे से खरीफ की फसलों को हुए नुक्सान का जायजा लेने के लिए जींद का दौरा किया था।

इतनी लम्बी कवायद के बाद अब आकर प्रदेश सरकार ने पिछले साल सूखे से खरीफ की फसलों को हुए नुक्सान के मुआवजे के लिए जींद जिला प्रशासन को मुआवजे की राशि की ग्रांट जारी की है। यह राशि 22 करोड़ 88 लाख रुपए है। जिन किसानों की फसलों को सूखे से 50 प्रतिशत या इससे ज्यादा नुक्सान हुआ था, उन किसानों को मुआवजे की राशि का वितरण किया जाएगा। यह राशि सरकार ने जींद के जिला राजस्व अधिकारी के खाते में डाल दी है तथा जैसे ही हलका पटवारियों से मुआवजे के वितरण को लेकर ए.पी.आर. रिपोर्ट जींद के एस.डी.एम. कार्यालय को मिल जाएगी, मुआवजा राशि डी.आर.ओ. कार्यालय के खाते से एस.डी.एम. कार्यालय भेज दी जाएगी।

एस.डी.एम. ने ए.पी.आर. तैयार करने के दिए आदेश
जींद के एस.डी.एम. और सफीदों के एस.डी.एम. ने पिछले साल सूखे से किसानों की खरीफ की फसलों को हुए नुक्सान के मुआवजे के वितरण को लेकर प्रदेश सरकार से मिली 22.88 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि के वितरण के लिए सम्बन्धित हलका पटवारियों को ए.पी.आर. रिपोर्ट तैयार करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जल्द प्रभावित किसानों को मुआवजे की राशि का वितरण कर दिया जाएगा। धान और कपास की एक एकड़ फसल के लिए मुआवजा राशि 4,500 तथा अन्य फसलों के लिए 3,500 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से बांटी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News