ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए लगाई 35,000 रुपए की चपत

Tuesday, Jan 27, 2015 - 11:55 PM (IST)

जींद (का.प्र.): महिला को मोबाइल फोन पर खुद को बैंक का कर्मचारी बताकर खाता बंद होने की सूचना दे, महिला से बैंक खाता पूछकर चालू करने का झांसा देकर लगभग 35,000 रुपए की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। शहर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार जुलानी गांव की रोशनी देवी ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका रोहतक रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में खाता है। 15 जनवरी को उसके मोबाइल फोन पर कॉल आई फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया।

कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसका खाता बंद हो चुका है। खाता चालू करवाने के लिए उसे अपना खाता नम्बर बताना होगा। महिला ने कॉल करने वाले व्यक्ति को बैंक कर्मचारी जानकर अपना खाता नम्बर दे दिया। कुछ समय के बाद महिला के मोबाइल पर मैसेज आया जिसमें उसके खाते से 34,995 रुपए की ऑनलाइन शॉपिंग की गई थी। महिला ने खाते से ऑनलाइन शॉपिंग किए जाने की शिकायत बैंक प्रबंधन तथा शहर थाना पुलिस से की और कॉल करने वाले व्यक्ति का फोन नम्बर भी उपलब्ध करवाया।

शहर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि महिला से खाता नम्बर पूछकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके खाते से ऑनलाइन शॉपिंग कर ली। जिसकी शिकायत पुलिस को मिली है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

Advertising