ईमानदारी से समय पर करें टैक्स का भुगतान : अभिमन्यु

punjabkesari.in Monday, Jan 26, 2015 - 06:31 AM (IST)

यमुनानगर (ब्यूरो): यहां की प्लाईवुड इंडस्ट्री को सरकार एशिया से वल्र्ड की नंबर वन इंडस्ट्री बनाना चाहती है। यह कहना था हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु का। रविवार को अभिमन्यु पी.डब्ल्यू.डी. रैस्ट हाऊस में भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और हरियाणा प्लाईवुड मन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन के प्रधान अजय मानिकटाला से इंडस्ट्री डिवैल्पमैंट पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंत्री के सामने व्यापार व उद्योगों में विकास के लिए टैक्स प्रणाली के सरलीकरण व नई विकासकारी नीतियों की मांग रखी। इस दौरान मंत्री ने बताया कि यमुनानगर में लकड़ी व प्लाईवुड की बड़ी मंडी है। इसलिए यहां फर्नीचर इंडस्ट्री को खड़ा करने के लिए सर्वे करवाया जा रहा है।

मेक इन इंडिया की नीति में चाइना से आने वाले माल को टक्कर देने के लिए यमुनानगर में एक फर्नीचर इंडस्ट्री बनाई जा सके इसके लिए सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं। अगर व्यापारी वर्ग चाहे तो वे भी अपने सुझाव दे सकते हैं ताकि इसमें और बेहतर क्या हो सकता है कि यहां पर बनने वाला फर्नीचर अच्छी क्वालिटी का हो और किफायती भी। प्लाईवुड इंडस्ट्री के लिए जल्द ही नए लाइसैंस जारी किए जाएं इसके लिए भी प्लानिंग चल रही है। वित्त मंत्री ने ईमानदारी के साथ समय पर टैक्स चुकाने की बात भी पदाधिकारियों से कही। मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र खदरी, राकेश त्यागी, रामेश्वर चौहान, प्लाईवुड मन्यूफैक्चर्स एसोसिएशन के प्रधान अजय मानिकटाला, उद्योग प्रकोष्ठ के संयोजक विशाल खन्ना, सह संयोजक  सुमित गुप्ता, मीडिया प्रभारी राजेश सपरा, कृपाल सिंह गिल, रोचक गर्ग, कृष्ण सिंगला उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News