तेज रफ्तार कार ने स्कूटर सवार को मारी टक्कर, महिला की मौत

Saturday, Oct 10, 2020 - 09:02 PM (IST)

पंचकूला (चंदन): शनिवार सुबह सैक्टर-8 व 9 की ट्रैफि क लाइट पर दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटर सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौत हो गई। सैक्टर-5 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार करनाल निवासी महिला कुलवंत कौर (65) के परिजनों ने बताया कि कुलवंत कौर और उनका बेटा सतविंदर पंचकूला सैक्टर-15 में अपने जानकार के यहां आए थे। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे स्कूटर पर सवार होकर सतविंदर, उसकी मां और सरोज बाला सैक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में उपचार के लिए जा रहे थे। जब वे सैक्टर-8 की तरफ से ट्रैफिक लाइट प्वाइंट पर पहुचे तो तवा चौक की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। 
 

 

अनियंत्रित होकर पोल से टकराई कार 
टक्कर लगने के बाद स्कूटर पर सवार तीनों लोग लहूलुहान अवस्था में सड़क पर गिर गए और कार अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई। आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कुलवंत कौर को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर सैक्टर-7 चौकी से पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने सतविंदर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। दोनों घायलोंं का उपचार सामान्य अस्पताल मेंं चल रहा है।

Ajay kumar

Advertising