पंचकूला सिलैंडर ब्लास्ट में झुलसे 4 और लोगों की मौत

Tuesday, Oct 24, 2017 - 03:00 PM (IST)

पंचकूला, (चंदन): पंचकूला सैक्टर-10 की कोठी नंबर- 702 में बुधवार रात सिलैंडर ब्लास्ट की घटना में घायल 8 लोगों में से 4 और लोगों ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसमें अनमोल की रविवार देर रात जी.एम. सी.एच.-32 में मौत हो गई थी, जबकि मूल रूप से गुजरात के रहने वाले दूसरे युवक जिग्नेश की मोहाली के एक प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई। अनमोल का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया, जबकि जिग्नेश के शव का सोमवार देर शाम पोस्टमार्टम किया गया। इस हादसे में अब तक 7 लोगों की जान जा चुकी है। 


जानकारी के अनुसार 62 वर्षीय राज कुमार सिंघल को ब्लास्ट के बाद झुलसने के चलते प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां पर उन्होंने तम तोड़ दिया। राज कुमार सिंघल के शव को मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं दूसरी तरफ मोहाली के ही प्राइवेट अस्पताल में उपचाराधीन 24 वर्षीय प्रियांशु गर्ग ने भी इलाज के दौरान सोमवार रात को दम तोड़ दिया। बता दें कि रविवार देर रात को इसी मामले में जी.एम.सी.एच.-32 में दम तोडऩे वाले 22 वर्षीय अनमोल का बड़ा भाई है प्रियांशु गर्ग। सिलैंडर ब्लास्ट के इस मामले में गर्ग परिवार के तीन सदस्य झुलसे थे, अनमोल, प्रियांशु और उनके दादा दयावंती। दयावंती की हालत को देखते हुए उन्हें भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 


पैक का स्टूडैंट था अनमोल
जानकारी के मुताबिक अनमोल पैक का स्टूडैंट था और वर्तमान में प्राइवेट कम्पनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत था। अनमोल परिवार के साथ सैक्टर-10 की कोठी नम्बर-703 में रह रहा था। हादसे के समय अनमोल घटनास्थल पर पड़ोसियों के साथ मौजूद था। जब ब्लास्ट हुआ घर का मलबा अनमोल के ऊपर गिर गया था, जिस कारण वह बुरी तरह से जख्मी हो गया और उसके शरीर का करीब 30 प्रतिशत हिस्सा भी बुरी तरह झुलस गया था।  


आई.टी. कंपनी में मैनेजर था जिग्नेश 
मूलरूप से गुजरात के पोरबंदर का रहने वाला जिग्नेश पंचकूला सैक्टर-10 की कोठी नंबर-704 में एच.आर शर्मा के घर में बतौर किरायदार रह रहा था। घटना के दौरान मौके पर लोगों के साथ जिग्नेश भी मौजूद था। सिलैंडर में ब्लास्ट होते ही लोगों के साथ वह भी उसकी चपेट में आ गया और बुरी तरह जख्मी हो गया। जिग्नेश करीब 50 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया था। उसके परिजन चंडीगढ़ पहुंचे और उन्होंने जी.एम.सी.एच.-32 से जिग्नेश को मोहाली के एक प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करवा लिया था लेकिन सोमवार को उसने भी दम तोड़ दिया। कोठी मालिक एच.आर. शर्मा भी हादसे में बुरी तरह झुलस गए थे, जिनकी भी इलाज के दौरान पहले ही मौत हो चुकी है। 

Advertising