गुजरात : भाजपा के पूर्व महापौर, कांग्रेस नेता और सामाजिक कार्यकर्ता आप में शामिल

Monday, Aug 08, 2022 - 10:31 PM (IST)

अहमदाबाद, आठ अगस्त (भाषा) जामनगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पूर्व महापौर और वर्ष 2017 के गुजरात विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी रहे एक नेता सोमवार को अरविंद केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए।
पार्टी ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि जामनगर के पूर्व महापौर और भाजपा के वरिष्ठ नेता कनकसिंह जडेजा दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल के शनिवार और रविवार को हुए गुजरात दौरे के दौरान पार्टी में शामिल हुए।
पार्टी ने बताया कि वर्ष 2017 में देवगढ़ बरिया सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे भरतसिंह वखाला ने सोमवार को आप की राज्य इकाई के अध्यक्ष गोपाल इटालिया की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली। वखाला को वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा के बचूभाई खाबड़ से हार मिली थी।

इटालिया ने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता स्वेजल व्यास ने भी वडोदरा में रविवार को केजरीवाल की उपस्थिति में आप की सदस्यता ग्रहण की।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising